दिलचस्प

पुलिस को कॉल कर कहा- मंगेतर से लफड़ा हुआ है, आधे घंटे में खुद को मार दूंगा, फिर..

खुदखुशी करना किसी भी समस्या का हल नहीं होता है। लेकिन फिर भी समस्या के आने पर ये सभी को एक आसान समाधान लगता है। जब किसी के मन में सुसाइड के ख्याल चल रहे होते हैं तो आसपास के लोगों की यही कोशिश रहती है कि वह उस व्यक्ति के मन के विचारों को बदल दें। उसके दिल से सुसाइड का ख्याल निकाल दें। इसके लिए वह उस शख्स से बातचीत करते हैं और उसे घंटों तक समझाते हैं। लेकिन मुंबई पुलिस के पास जब सुसाइड करने वाले एक शख्स का कॉल आया तो कुछ ऐसा हुआ कि पुलिसवाले भी चकरा गए।

दरअसल मुंबई पुलिस को बीते गुरुवार के फोन आया कि उसका अपनी मंगेतर से झगड़ा हो गया है और वह आधे घंटे में अपनी जान दे देगा। यह बात सुन पुलिस ने तुरंत अपनी एक टीम को उस शख्स के पास भेजा। हालांकि जैसे ही पुलिस उस शख्स के घर गई तो उसने बोला कि अब मेरा मूड बदल गया है। अब मैं अपनी जान नहीं दूंगा। शख्स की ये बात सुन पुलिस का सिर चकरा गया। उन्हें समझ नहीं आया कि ये क्या हुआ है।

यह अजीबोगरीब मामला मुंबई के कांदिवली इलाके का है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यहाँ रहने वाले एक शख्स ने गुरुवार को पुलिस को कॉल किया था। उसने फोन पर पुलिस से कहा कि उसका अपनी मंगेतर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया है। ऐसे में वह आत्महत्या करने जा रहा है। कॉल करने वाले शख्स की पहचान दिनेश गुप्ता कांदिवली निवासी के रूप में हुई। उसने सुबह 11 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की बात कही थी। उसका कहना था कि मंगेतर के साथ कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है।

इस कॉल के बाद पुलिस एक्टिव हो गई और उन्होंने फौरन 15 कर्मचारियों की एक टीम को शख्स का पता लगाने में लगा दिया। इसके बाद वे लोग शख्स की लोकेशन ट्रेस कर उसके घर पहुंच गए। करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी शख्स के घर गए और उससे बातचीत करने लगे। हालांकि शख्स ने कहा कि अब मेरा मूड बदल गया है और अब मैं आत्महत्या नहीं कर रहा हूं।

कांदिवली पुलिस स्टेशन के निरीक्षक विजय कंदारगांवकर बताते हैं कि शख्स ने फोन पर अपनी जान देने की बात कही थी। इसके बाद हमे निर्देश मिले थे कि उस शख्स का पता लगाकर उसकी काउंसलिंग की जाए। कुछ ही देर में हमने उसके घर का पता लगाया और वहाँ पहुंच गए। लेकिन जैसे ही पुलिस अधिकारी उनके घर गए तो शख्स ने कहा कि उसने मंगेतर के साथ अपना विवाद सुलझा लिया है और अब वह खुदखुशी नहीं कर रहा है।

दिनेश गुप्ता ने पुलिस को ये भी कहा कि वह अब अपने ऑफिस जा रहा है और आप लोग मेरी चिंता न करें। वैसे पुलिस ने थाने के एक रिकॉर्ड में इस घटना का विवरण लिख लिया है।इस पूरी घटना के ऊपर आपकी क्या राय है हमे कमेंट कर जरूर बताएं। यदि आपके मन में भी सुसाइड का विचार आता है तो उसे तुरंत बाहर निकाल फेंके।

Back to top button