समाचार

प्रिया मलिक को टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतने बधाई दे रहे हैं लोग, लेकिन सच्चाई कुछ और है

ट्विटर पर ट्रेंड हो रही प्रिया मलिक। जानिए उनके टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतने की क्या है सच्चाई

जापान के टोक्यो में खेले जा रहे ओलंपिक गेम्स में हिस्सा लेने भारत के 125 खिलाड़ी पहुँचें हुए हैं। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा को अभी तीन दिन ही हुए हैं और अब तक भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। बता दें कि पहले दिन मीराबाई चानू ने सिल्वर मेडल दिलाया। कुछ खिलाड़ियों ने अपने शुरुआती मुकाबले जीते हैं, वहीं कुछ खिलाड़ियों ने निराश किया है। इस बीच, सोशल मीडिया, खासतौर पर ट्विटर पर महिला पहलवान प्रिया मलिक का नाम ट्रेंड करने लगा।

एक तस्वीर साझा कर बड़ी संख्या में लोग टोक्यो ओलंपिक्स में देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाने के लिए प्रिया मलिक को बधाइयां देने लगे। वहीं जब इस तस्वीर की जांच की गई तो पता चला कि जो तस्वीर शेयर की जा रही है, वो टोक्यो ओलंपिक्स की नहीं है।तस्वीर हंगरी के बूडापेस्ट में खेली जा रही विश्व कैडेट कुश्ती चैंपियनशिप की है जहां प्रिया ने गोल्ड मेडल जीता है। उस दौरान प्रिया मलिक ने यह कारनामा 73 किलो भार वर्ग में किया है।

Priya Malik


वहीं इससे पहले प्रिया मलिक ने साल 2020 में राष्ट्रीय स्कूल खेलों में भी स्वर्ण जीता था। इसके बाद 2020 में ही पटना में हुई राष्ट्रीय कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीता।

गोल्ड तो गोल्ड होता है…

ट्विटर पर रविवार सुबह से #प्रिया_मलिक ट्रेंड कर रहा है। अधिकांश लोग खबर की पुष्टि किए बगैर बधाइयां दे रहे हैं। बाद में यह पता चला कि यह तस्वीर टोक्यो ओलंपिक्स की नहीं है। कुछ यूजर्स ने इस बहाने आमिर खान की फिल्म दंगल का वह डायलॉग लिख दिया। जिसमें कहा जाता है कि गोल्ड तो गोल्ड होता है। वहीं कुछ लोगों ने प्रिया मलिक की तारीफ करते में दंगल का वह डायलॉग भी लिखा। जिसमें आमिर खान कहते हैं कि मेरी छोरियां क्या छोरो से कम है!

कौन है प्रिया मलिक…

Priya Malik

प्रिया मलिक चौधरी भरत सिंह मेमोरियल खेल स्कूल निडानी की खिलाड़ी है। इन्होंने साल 2020 में हुए राष्ट्रीय स्कूल खेलों में स्वर्ण पदक जीता है। प्रिया मलिक ने साल 2020 में ही पटना में हुई राष्ट्रीय कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। इतना ही नहीं, प्रिया मलिक ने 24 जुलाई 2021 को हंगरी के बूडापेस्ट में विश्व कैडेट कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता।
वहीं प्रिया मलिक का अगला लक्ष्य ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करना है।

Back to top button