विशेष

अजब-गजब: नकली नोट थमाकर ले गया बकरा, अगले दिन फिर की होशियारी तो पड़ गए लेने के देने

दिल्ली एक ऐसी जगह है जहां लोग जालसाजी करने में माहिर होते हैं। यहां के कुछ लोग पैसे कमाने में उतना दिमाग नहीं लगते जितना लोगों को ठगने में लगाते हैं। एक के बाद एक वे नए नए तरीकों से लोगों को ठगकर उनसे पैसा एठते रहते हैं। अब देश की राजधानी दिल्ली का यह अजीबोगरीब मामला ही ले लीजिए।

goat

यहां दो ठगों ने बकरा ईद का फायदा उठाकर पैसा कमाने की सोची। पहली ठगी में वे कामयाब भी रहे। लेकिन वह कहते हैं न कि लालच बुरी बला होती है। बस दोबारा ऐसी ही ठगी करना इन जालसाजों को महंगा पड़ गया। चलिए इस अनोखे और दिलचस्प मामले को विस्तार से जानते हैं।

goat

बकरा ईद के आने से पहले बकरों की बिक्री और खरीदी जोर शोर से चल रही है। रामपुर यूपी का रहने वाला अनीश भी अपने पिता नसीम के साथ दिल्ली के जाफराबाद 66 फुटा रोड पर बकरा बेच रहा था। 13 जुलाई को उसके पास दो शख्स आए। उन्होंने अनीश के बकरे में दिलचस्पी जताई। जल्द ही 20 हजार में बकरे का सौदा तय हो गया। खरीदारों ने अनीश को 500 के 20 नोट पकड़ाए और बकरा लेकर चले गए।

बाद में जब अनीश ने उन नोटों को अच्छे से देखा तो पाया कि 20 में से सिर्फ 1 ही 500 का नोट असली था बाकी 19 हजार पांच सौ रुपए नकली नोट के थे। ऐसे में अनीश ने तुरंत ये नकली नोट पुलिस को दे दिए और दोनों जालसाजों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी।

goat

अब अगले दिन वही दो शख्स फिर से एक नए बंदे को ठगने निकल पड़े। लेकिन उन्हें क्या पता था कि वह इस बार जिसे ठगने जा रहे हैं वह और कोई नहीं बल्कि अनीश के पिता नसीम हैं। वह भी अनीश से अलग दूसरी जगह बकरा बेच रहे थे। दोनों जालसाज वहां भी ठगने के इरादे से आ गए। उन्होंने 30 हजार रुपए में बकरे का सौदा किया।

इस दौरान अनीश वहां आ पहुंचा। वह उन लोगों को पहचान गया जिन्होंने एक दिन पहले नकली नोट देकर उससे बकरा खरीदा था। अनीश ने बिना समय गवाए एक शख्स को दबोच लिया। यह देख दूसरा जालसाज घबरा गया और कार लेकर वहां से फरार हो गया। बाद में पुलिस को बुलाया गया और आरोपी को उनके हवाले कर दिया गया।

goat

पुलिस को आरोपी के पास से 6 दो हजार के नकली नोट मिले। इसके अलावा पुलिस को आरोपी के पास से कुल पांच सौ के 19 नोट और दो हजार के 11 नोट भी मिले। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। वहीं दूसरे फरार आरोपी की तलाश भी जारी है।

उधर ये पूरी घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। लोगों को ये जान हैरत हो रही है कि आजकल जालसाज कैसे कैसे लोगों को ठगने के नए नए तरीके निकाल रहे हैं। नकली नोटों की समस्या बहुत पुरानी है। इसे खत्म करने के लिए ही बाजार में 500 और 2000 के नए नोट ले गए थे। लेकिन अब इन नोटों की नकल भी बाजार में आ गई है। ऐसे में आप भी जब नोटों का लेनदेन करें तो उसकी असलियत की जांच करना न भूलें।

Back to top button