राजनीतिसमाचार

दो गुटों में बंटी पंजाब कांग्रेस, सिद्धू के अध्यक्ष बनाए जाने की खबरों पर कैप्टन ने जताई नाराजगी

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच मतभेद कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं अब खबर आ रही हैं कि राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस पार्टी से नाराज हो गए हैं। कांग्रेस हाईकमान की ओर से नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले से कैप्टन अमरिंदर सिंह खुश नहीं हैं और इन्होंने सोनिया गांधी को फोन कर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

Navjot Singh Sidhu

दरअसल नवजोत सिंह सिद्धू को संतुष्ट करने के लिए कांग्रेस हाईकमान ने इन्हें पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया था। कांग्रेस हाईकमान को लगा की इस फैसले से सभी नेता संतुष्ट हो जाएंगे। लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके खेमे के नेताओं ने इस फैसले पर नाराजगी जाहिर की।

Navjot Singh Sidhu

गुरुवार शाम को सिद्धू को पार्टी का प्रदेश प्रधान बनाए जाने की खबर आने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को फोन किया था। सोनिया गांधी से कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कई देर तक बात की। सूत्रों के अनुसार अमरिंदर सिंह ने सोनिया गांधी से कहा कि पंजाब में 2022 का विधानसभा चुनाव उन्हीं की नुमाइंदगी में लड़ा जाएगा। कैप्टन ने ये भी स्पष्ट किया कि पंजाब कांग्रेस का प्रधान भी उनकी मर्जी से ही बनेगा।

इस्तीफा देने को भी थे तैयार

Amarinder Singh

पार्टी की ओर से नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस प्रधान बनाए जाने के फैसले से कैप्टन अमरिंदर सिंह इतना नाराज हो गए थे कि इनके इस्तीफे की खबर भी सामने आने लग गई थी। हालांकि कुछ देर बाद कैप्टन के मीडिया सलाहकार ने ट्वीट कर इस्तीफे की खबर को खारिज कर दिया। उन्होंने लिखा कि 2022 का विधानसभा चुनाव कैप्टन के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

Amarinder Singh

वहीं दूसरी तरफ कैप्टन के इस्तीफे की अटकलों के बीच गुरुवार शाम कांग्रेस विधायक नवजोत सिंह सिद्धू ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। नवजोत सिंह सिद्धू ने कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के चंडीगढ़ स्थित आवास में ये बैठक की। बैठक में मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कैबिनेट मंत्री तृप्त रंधावा और परगट सिंह शामिल थे।

आज करेंगे सोनिया गांधी से मुलाकात

Navjot Singh Sidhu

शुक्रवार को नवजोत सिद्धू दिल्ली आए हैं। यहां पर आकर ये पार्टी की अंतरिम प्रधान सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। इस दौरान पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत भी मौजूद रहेंगे। कहा जा रहा है कि इस मुलाकात के चलते सिद्धू रात भर नहीं सोए और सुबह 6 बजे ही पटियाला से दिल्ली रवाना हो गए। सोनिया गांधी और सिद्धू के बीच होने वाली ये मुलाकात बेहद ही खास होने वाली है। उम्मीद की जा रही है कि इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस पार्टी कोई बड़ा फैसला ले सकती है।

गौरतलब है कि नवजोत सिंह सिद्धू साल 2017 में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। कांग्रेस पार्टी में शामिल होने से पहले ये बीजेपी में हुआ करते थे। लेकिन मतभेद होने के कारण इन्होंने बीजेपी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के कुछ समय बाद ये कांग्रेस में शामिल हुए थे।

Back to top button