विशेष

वीडियो गेम का लालच देकर बच्चों से दुष्कर्म का प्रयास करने लगा युवक, मासूमों ने फिर ऐसे बचाई जान

बच्चे बड़े भोले और मासूम होते हैं। उन्हें अपने आसपास मौजूद खतरे का अंदाजा नहीं रहता है। उन्हें थोड़ा सा लालच देकर आसानी से बेवकूफ बनाया जा सकता है। हवस के भूखे दरिंदे बस इसी बात का फायदा उठाते हैं। उनके लिए बच्चे सबसे आसान शिकार होते हैं। ऐसे में अपनी गंदी हवस की भूख को शांत करने के लिए वे बच्चों को टारगेट करते हैं।

आप ने भी बच्चों के साथ होने वाले दुष्कर्म से जुड़ी कई घटनाएं सुनी होगी। आमतौर पर आरोपी मासूम बच्चियों को अपना शिकार बनाता है। लेकिन मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने 9 साल के दो भाइयों के साथ ही दुष्कर्म का प्रयास किया। दोनों बच्चे बड़ी मुश्किल से शख्स के चंगुल से बचकर निकले। जब वे घर पहुंचे तो उन्होंने रोते हुए परिजनों को पूरी कहानी सुनाई। उनकी बातें सुन परिवारवाले भी दंग रह गए। चलिए इस पूरे मामले को विस्तार से जान लीजिए ताकि कल को आपके बच्चे के साथ ऐसा न हो।

दरअसल ये पूरा मामला ग्वालियर के कुम्हारपुरा साठ फुटा रोड का है। यहां थाटीपुर द्वारिकाधीश कॉलोनी में रहने वाला 9 वर्षीय बच्चा 5वीं का स्टूडेंट अपने चचेरे भाई के साथ मैंगो जूस पीने आया था। जब वह जूस पीकर अपने घर लौट रहे थे तो एक शख्स ने उन्हें वीडियो गेम खेलने का ऑफर दिया। वीडियो गेम की बात सुन दोनों बच्चे खुश हो गए। दरअसल शख्स उन्हें उनका फेवरेट GDA-5 गेम खेलने का ऑफर पेश कर रहा था। दोनों बच्चे इसके लिए झट से मान गए और युवक के साथ उसके घर चले गए।

आरोपी युवक के घर आते ही दोनों बच्चे GDA-5 गेम खेलने में बीजी हो गए। इस दौरान आरोपी बच्चों के पास आकर उनके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा। शख्स की ये हरकत देख बच्चे का चचेरा भाई वहां से भागने लगा। हालांकि दौड़ लगाते समय वह दरवाजे की कुंडी से जा टकराया। इस टक्कर से वह चोटिल हो गया और उसकी नाक से खून बहने लगा।

बच्चे की नाक से बहता खून देख आरोपी घबरा गया और उसने बच्चों को वहां से भगा दिया। हालांकि ऐसा करने से पहले उसने बच्चों को धमकी भी दी। उसने कहा कि मेरा नाम अनिल मौर्य उर्फ बड़े है, किसी को इस बारे में बताया तो मार डालूँगा। इस घटना से घबराए बच्चे जैसे तैसे अपने घर पहुंचे। यहां उन्होंने रोते हुए परिजनों को सारी बातें बताई। बच्चों के मुंह से ये सब सुन परिवारवाले भी सकते में आ गए। वे बच्चे के साथ उस आरोपी के घर गए। लेकिन वहां उन्हें ताला लगा मिला।

बाद में परिजन बच्चों के साथ थाटीपुर थाने पहुंचे और आरोपी शख्स के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने भी इस मामले की गंभीरता को समझा और तुरंत आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी अनिल मौर्य की तलाश में जुटी है। उम्मीद की जा रही है कि आरोपी जल्द से जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा।

हमारी आपको यही सलाह है कि आप अपने बच्चों को ऐसी सिख दें कि वह किसी भी अनजान शख्स के साथ घर न जाए और न ही किसी लालच में आकर अजनबी व्यक्ति पर भरोसा करे।

Back to top button