दिलचस्प

यहां घर की दीवारों पर पत्नी की फ़ोटो लगाना है रिवाज़, जानिये क्या है वजह

एक बड़ी अच्छी सी शायरी है, कि “दिन की रोशनी ख्वाबों को सजाने में गुजर गई, रात की नींद बच्चे को सुलाने मे गुजर गई, जिस घर मे मेरे नाम की तख़्ती भी नहीं, सारी उम्र उस घर को बनाने में गुजर गई।” जी हां हमारे समाज और आसपास ऐसी बड़ी तादाद में महिलाएं मिल जाएंगी, जिनकी यह शिकायत रहती, लेकिन क्या आपको पता है कि दुनिया में एक देश ऐसा भी है जहां घरों में नाम तो छोड़िए बकायदा तस्वीर लगाई जाती है पत्नी की। नहीं पता? तो हम बताते हैं आपको। हम बात कर रहें ब्रुनेई नामक देश की। जिस देश में हर घर की दीवारों पर पत्नी की तस्वीर लगाना एक रिवाज है।

इतना ही नहीं किसी- किसी घर में तो एक से ज्यादा पत्नियों की भी तस्वीरें देखने को मिल जाती है। इसके अलावा दीवार पर यहां के सुल्तान की तस्वीर भी दिख जाती है। इस देश की कई अन्य रोचक बातें हैं जो आपको हैरान कर देंगी। ऐसे में अन्य रोचक तथ्यों को जानने से पहले जान लेते हैं ब्रुनेई देश और उसके राजा के बारें में। ब्रुनेई, इंडोनेशिया के पास स्थित एक मुस्लिम आबादी वाला देश है। जो एक समय अंग्रेजों का गुलाम रह चुका है। जिसे 1 जनवरी 1984 को स्वतंत्रता मिली। वर्तमान में जब भारत समेत दुनियाभर के कई देशों में राजशाही खत्म हो गई है, उस दौरान भी कई ऐसे देश हैं जहां राजा का शासन है। जिसमें से एक देश ब्रुनेई है। जहां आज भी सुल्तान का शासन है, जिनका नाम “हसनल बोलकिया” है। ब्रुनेई में आज भी महिलाओं को मताधिकार का अधिकार नहीं है।

वहीं ब्रुनेई के सुल्तान की बात करें। तो उन्हें दुनिया के सबसे रईस राजाओं में से एक माना जाता है। साल 2008 में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक उनकी संपत्ति करीब 1363 अरब रुपए बताई गई थी। एक रिपोर्ट के अनुसार, सुल्तान हसनल बोलकिया जिस महल में रहते हैं, उसमें सोना जड़ा हुआ है। ठीक उसी प्रकार जैसे लंका के राजा रावण का महल था। “इस्ताना नुरुल इमान पैलेस” नाम का यह महल वर्ष 1984 में बना था और यह 20 लाख वर्ग फीट के बड़े इलाके में फैला हुआ है। ऐसा कहा जाता है कि इस महल का गुंबद 22 कैरेट सोने से जड़ित है।

इसके अलावा ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोलकिया के महल “इस्ताना नुरुल इमान पैलेस” की कीमत 2550 करोड़ रुपये से भी अधिक है। महल में 1700 से अधिक कमरे हैं, जबकि 257 बाथरूम और पांच स्विमिंग पूल हैं। महल में गाड़ियां रखने के लिए 110 गैरेज के अलावा 200 घोड़ों के लिए वातानुकूलित अस्तबल भी हैं। ऐसे में आप समझ सकते हैं कि सुल्तान कितने शौकीन मिज़ाज के होंगे। सुल्तान को गाड़ियों का बहुत शौक है और यही वजह है कि उनके पास लगभग 7000 कार है उनकी निजी कार सोना जड़ित है।

बॉर्नरिच.कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, हसनल बोलकिया के पास लग्जरी सुविधाओं से लैस कई प्राइवेट जेट विमान भी हैं। उनके पास बोइंग 747- 400, बोइंग 767-200 और एयरबस ए-340-200 जेट हैं। रिपोर्ट की मानें तो बोइंग 747-400 जेट में सोने जड़े हैं और इसमें लिविंग रूम से लेकर बेडरूम व कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। ये हुई सुल्तान के राजशाही ठाठ-बाट की बात। इसके अलावा ब्रुनेई देश की अन्य दिलचस्प बातों के बारे में बात करें तो इस देश में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना प्रतिबंधित है। सिर्फ यही नहीं यहां के लोग सड़क पर चलते चलते ही कुछ भी खाना पीना गलत मानते हैं। जिससे हमारे देश की आवाम को सीख लेने की ज़रूरत है।

ब्रुनेई देश की सबसे खास बात यह है कि यहां के लोग फास्ट फूड खाना ज्यादा पसंद नहीं करते है। यही वजह है कि यहां मैकडोनाल्ड जैसे रेस्टोरेंट भी इक्का-दुक्का ही देखने को मिलते हैं। इसके अलावा जब हमारे देश में तेल की बढ़ती कीमतों की वज़ह से गाड़ी रखना और चलाना जेब पर भारी पड़ रहा। उस स्थिति में ब्रुनेई की बात करें तो ऐसा कहा जाता है कि ब्रुनेई में जितने घर हैं उससे ज्यादा तो यहां के लोगों के पास कार हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक यहां पर प्रति 1000 लोगों के बीच क़रीब 700 कारें हैं। दरअसल यहां कार अधिक होने का कारण यह कि यहां तेल की कीमतें बहुत कम है और साथ ही साथ लोगों को “परिवहन कर” भी लगभग ना के बराबर देना पड़ता है।

Back to top button