समाचार

शादी समारोह में डांसर को देख बेकाबू हो गए युवक, अस्पातल पहुंच गई आधी बारात

बिहार में एक शादी समारोह के दौरान डांस को लेकर हुए विवाद में एक बाराती की हत्या कर दी गई। जबकि कई लोग इस दौरान घायल भी हुए हैं। खबर के अनुसार काराकाट थाना क्षेत्र के नोखापरासी गांव से एक बारात आई थी और मनोरंजन के लिए डांसरों को भी बुलाया गया था। डांस करते हुए स्थानीय युवकों का विवाद बारात में आए लोगों के साथ हो गया और दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे बरसाना शुरू कर दिए। इस दौरान एक बाराती की मौत हो गई।

मृतक का नाम ददन सिंह बताया जा रहा है। ददन सिंह की आयु 45 साल की थी। वहीं इस घटना में दूल्हे के पिता को काफी गंभीर चोट आई है। जबकि अन्य तीन लोग भी बुरी तरह से घायल हुए हैं। पुलिस अब इस मामले की जांच करने में लगी हुई है और दो लोगों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।

पुलिस के अनुसार काराकाट के नोखपरासी से प्रिंस कुमार, पिता रामाकांत सिंह की बारात यादव टोला के दुधेश्वर सिंह उर्फ साधू के घर आई थी। शादी में नर्तका को बुलाया गया था। मंच पर चढ़कर स्थानीय युवकों द्वारा नर्तकी के साथ डांस करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। जो कि हत्या तक पहुंच गया। नोखपरासी निवासी दूल्हे के पिता रामाकांत सिंह, करूप इंग्लिश निवासी बोलेरो चालक गणेश कुमार और कच्छवां थाना के बालदेव टोला निवासी बाराती बाबूधन सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें पीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। जबकि घायल विनय उर्फ नेपाली को डेहरी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।

जब पुलिस को इस विवाद की सूचना मिली तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक जांच में पाया गया है कि घटना के दौरान लोगों ने बारातियों के तीन वाहनों को भी लाठी-डंडे से हमला करके क्षतिग्रस्त कर दिया है। एसडीपीओ राजकुमार ने वारदात के बाद शुक्रवार को क्षेत्र का दौरा कर घटनास्थल का मुआयना किया। साथ में ही दोनों पक्षों से बात भी की।

इस घटना को लेकर वधू के पिता दुधेश्वर सिंह का भी बयान आया है। इनके अनुसार विवाद होने के कारण शादी नहीं हो सकी। वर पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने इस पूरे हादसे के बारे में बताया कि दूल्हे के पिता के बयान पर एफआईआर दर्ज ‌की जा रही है।

एसडीपीओ राजकुमार के अनुसार दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनपर कोविड नियमों के उल्लंघन करने के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने फिलहाल वधु के पिता दुधेश्वर सिंह उर्फ साधू और उसके सहयोगी लाल बहादुर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आगे की जांच अभी की जा रही है। गौरतलब है कि कोरोना के नियमों के तहत 50 से अधिक लोगों को शादी में शामिल नहीं किया जा सकता है।

Back to top button