विशेष

कोरोना काल में सेल्फ आइसोलेट हैं तो जरूर करें ये 5 काम, वायरस को हराने में मदद मिलेगी

कोरोना वायरस की दूसरी लहर से देश परेशान है। यह वायरस कई लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। कई बार तो इंसान को खुद पता नहीं होता है कि उसे कोरोना हो गया है। जहां एक तरफ ये कुछ लोगों को गंभीर बीमार कर रहा है तो वहीं दूसरों को थोड़ा सा बीमार कर निकल जाता है। ऐसे में जो लोग ज्यादा बीमार नहीं है उनके लिए होम आइसोलेशन एक बेहतर विकल्प होता है।

होम आइसोलेशन में चिकित्सकीय उपचार के साथ-साथ मानसिक उपचार भी जरूरी होता है। इस दौरान आपको पॉजिटिव बने रहना चाहिए। अपना मनोबल कम नहीं होने देना चाहिए। मन का डर भी कई बार आपको और बीमार कर देता है। वहीं यदि आप खुद को मन से बेहतर महसूस करोगे तो कोरोना भी जल्दी चला जाएगा। ऐसे में आपको सोच सकारात्मक बनाने के लिए हम कुछ टिप्स बता रहे हैं।

पॉजिटिव खबरें पढ़ें: कोरोना काल में कई ऐसी खबरें आती हैं जिन्हें देख, सुन या पढ़ हम नेगेटिव हो जाते हैं। हमारा मनोबल यूं ही टूट जाता है। मन में डर जगह बना लेता है। इसलिए होम आइसोलेशन के दौरान सकारात्मकता से भरी खबरें ही देखें। इससे आपका मनोबल बढ़ेगा और आप जल्दी स्वस्थ होंगे।

फैमिली और फ्रेंड्स से बातचीत करते रहें: होम आइसोलेशन में अकेलापन काटने को दौड़ता है। ऐसे में आप फोन, वीडियो कॉल और सोशल मीडिया के माध्यम से अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों से बातचीत कर सकते हैं। इससे आपको एक इमोशनल सपोर्ट मिलेगा जो आपको जल्दी रिकवर करने में मदद करेगा।

नकारात्मक विचारों को मन में न आने दें: कोरोना से कई मौत हो रही है, लोग गंभीर बीमार है, अस्पताल में बेड नहीं है इत्यादि नेगेटिव बातों को दिमाग में न आने दें। इस वायरस से कितने सारे ठीक हुए हैं ऐसी अच्छी बातें सोचे। हमेशा सकारात्मक रहे। यही सोचे कि आप इस वायरस को आसानी से हरा देंगे।

क्रिएटिव टास्क से मन भटकाएं: होम आइसोलेशन में 24 घंटे कोरोना के बारे में ही न सोचे। अपना ध्यान भटकाने के लिए रचनात्मक कार्य जैसे कुकिंग, पेंटिंग, ड्रॉइंग, म्यूजिक इत्यादि एक्टिविटी करें। इससे आपका मन भी लगा रहेगा और आप नेगेटिव विचारों से दूर भी रहेंगे।

धार्मिक बने: धर्म से जुड़ी चीजें करने से शरीर में सकारात्मकता अपने आप ही आ जाती है। होम आइसोलेशन में धार्मिक किताबें पढ़ना, भजन सुनना, भगवान की भक्ति करना इत्यादि से आपका मन शुद्ध और मजबूत होगा। आप अधिक पॉजिटिव रहेंगे जो कि कोरोना को हराने में मदद करेगा।

Back to top button