समाचार

पूर्व विधायक ने उड़ाई नाइट कर्फ्यू की धज्जियां, अभिनेत्री अक्षरा संग 200 के साथ मिलकर की पार्टी

कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए कई राज्यों ने अपने यहां नाइट कर्फ्यू लगाया है। ताकि जल्द से जल्द कोरोना की लहर को रोका जा सके। हालांकि कई लोग ऐसे हैं जो कि कोविड के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं और नाइट कर्फ्यू में भी जमकर पार्टी कर रहे हैं। बिहार राज्य से रोजाना काफी संख्या में कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। जिसके कारण राज्य सरकार ने यहां नाइट कर्फ्यू लगाया है और इस दौरान लोगों को घरों से बाहर निकलने से मना किया है। लेकिन राज्य के लोग खुलकर नाइट कर्फ्यू की धज्जियां उड़ा रहें और घर से बाहर निकलकर पार्टी कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर बिहार राज्य की एक वीडियो काफी वायरल हो रही है जो कि विधायक मुन्ना शुक्ला की है। इस वीडियो में पूर्व विधायक, भोजपुरी सिनेमा की अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ पार्टी करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में ये सभी लोग जमकर डांस कर रहे हैं और किसी ने मास्क तक नहीं लगाया है। यहां तक की सामाजिक दूरी के नियम का पालन भी नहीं किया है।

200 लोगों पर हुआ केस दर्ज

वीडियो वायरल होने के बाद इन सभी लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार लालगंज के पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला, भोजपुरी सिनेमा की अभिनेत्री अक्षरा सिंह समेत 200 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सदर एसडीपीओ इस मामले की जांच करने लालगंज गए हैं।

दरअसस पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के भाई और मुजफ्फरपुर के उप मेयर मानमर्दन शुक्ला के बेटे का उपनयन संस्कार था। इस मौके पर शुक्रवार को लालगंज थाना क्षेत्र स्थित इनके पैतृक गांव खंजाहाचक में एक कार्यक्रम रखा गया था। इस कार्यक्रम में कई लोगों को बुलाया गया था। वहीं पूजा होने के बाद एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी सिनेमा की अभिनेत्री अक्षरा सिंह को बुलाया गया था। इसी तरह से कई ओर जाने माने लोगों को भी यहां आए थे। इन सभी लोगों ने कोविड के नियमों का पालन नहीं किया और बिना मास्क के नजर आए।

इसी कार्यक्रम की एक वीडियो में पूर्व विधायक के बॉडीगार्ड ने मंच के सामने अपनी कारबाइन से फायरिंग भी की। इस कार्यक्रम की ये दोनों वीडियो काफी वायरल हो रही हैं और इन दोनों वीडियो के वायरल होते ही पुलिस ने इनमें दिखाई दे रहे सभी लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।

Back to top button