समाचार

बिना कहीं रूके भारत पहुंचे फ्रांस से तीन ओर राफेल विमान, हवा में भरा गया ईंधन

तीन ओर राफेल लड़ाकू विमान भारत पहुंच गए हैं। जिसके साथ ही भारत के पास अब इन विमानों की संख्या 14 हो गई है। फ्रांस से ये राफेल लड़ाकू विमान बुधवार को भारत पहुंचे हैं। भारतीय वायुसेना ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इन विमानों ने फ्रांस के इतरे हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और ये बिना कहीं रुके सीधे भारत पहुंचे हैं।

फ्रांस में भारतीय दूतावास ने ट्विटर कर कहा कि रास्ते में संयुक्त अरब अमीरात के विमान ने इन लड़ाकू विमानों में आसमान में ही ईंधन भरा। भारतीय वायु सेना का कहना है कि इससे दो वायु सेनाओं के बीच की दोस्ती और मजबूत हो गई है। इन विमानों के भारत वायु सेना में शामिल होने से भारत की हवाई ताकत और बढ़ेगी।


हालांकि ये विमान भारत में किस जगह पर पहुंचाए गए हैं। इसके बारे में वायु सेना ने खुलासा नहीं किया है। भारतीय वायु सेना के पास मौजूदा 11 राफेल विमान अंबाला में है। ये विमान 17 स्क्वॉड्रन के साथ उड़ान भर रहे हैं। इन विमानों को चीन के साथ तनातनी के दौरान पूर्वी लद्दाख और अन्य मोर्चों पर भी गश्त के लिए इस्तेमाल किया गया था।

29 जुलाई 2020 को पांच राफेल विमानों का पहला जत्था भारत पहुंचा था और इन विमानों को पिछले साल 10 सितंबर को अंबाला में एक कार्यक्रम में आधिकारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था। तीन राफेल विमानों का दूसरा जत्था तीन नवंबर को भारत पहुंचा था। जबकि 27 जनवरी 2021 को तीन और विमान वायुसेना को मिले थे। भारत को अगले कुछ महीनों में फ्रांस से और राफेल विमान मिल सकते हैं।

इन विमानों को भारत सरकार ने करीब चार साल पहले फ्रांस से 59,000 करोड़ रुपये में खरीदा था। भारत सरकार ने कुल 36 राफेल विमान खरीदने हैं। वो की धीरे-धीरे भारत भेजे जा रहे हैं। बचे हुए विमान भारत को अगले कुछ महीनों में मिल जाएंगे।

Back to top button