समाचार

सहानभूति के लिए नाटक या सच में हुआ था ममता बनर्जी पर हमला? जानिये क्यों उठ रहे हैं सवाल

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कल नंदीग्राम में चुनाव प्रचार करने गई थी और इस दौरान ये बुरी तरह से घायल हो गई। जिसके बाद इन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां पर इनका इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इनके पैर में चोट लगी है और काफी सूजन है। वहीं ममता बनर्जी के पैर पर लगी चोट पर अब सियासत शुरू हो गई है और ममता ने इसे साजिश बताया है। ममता ने बिना बीजेपी का नाम लिए कहा कि ये साजिश है और उन पर हमला हुआ है। वहीं दूसरी ओर इस मामले पर बीजेपी की भी प्रतिक्रिया आई है और बीजेपी ने इसे ममता का नाटक बताया है।

दरअसल नामांकन दाखिल करने के बाद ममता लगातार मंदिरों में दर्शन कर रही थीं और लोगों से मिल रही थीं। इसी दौरान एक जगह भीड़ होने पर उनके पैर में चोट लग गई। चोट लगने के बाद ममता बनर्जी ने कहा है, ”4-5 लोगों ने मुझे धक्का दिया। जब मैं गाड़ी के पास थी। मेरा पैर कुचलने की कोशिश की गई। मेरे पैर मैं सूजन है। मैं अब कोलकाता जा रही हूं। डॉक्टर को दिखाने के लिए। बहुत दर्द है। बुखार भी आ गया है। कोई पुलिसकर्मी नहीं था। 4-5 लोगों ने जानबूझकर ये किया है। ये साजिश है। जबकि ममता की पार्टी के लोगों ने कहा कि  चार-पांच लोगों ने उनपर हमला किया। ये साजिश के तहत किया गया हमला है।

ममता की ओर से कही गई हमले की बात पर बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वो मुख्यमंत्री है। 300-400 पुलिसकर्मियों के साथ रहते हैं। कोई सपने में भी नहीं सोच सकता है कि ममता बनर्जी पर हमला करे। हमला तो दूर की बात है कोई आंख उठा कर नहीं देख सकता है। ये एक्सिडेंट हो सकता है। लेकिन हमला करने की हिम्मत नहीं कर सकता है। वो सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रही हैं।

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता सामिक भट्टाचार्य ने कहा, ”मैं कामना करता हूं कि वह जल्दी रिकवर कर जाएं। उनके आसपास पुलिसकर्मी और समर्थक थे।” पश्चिम बंगाल में बीजेपी के उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने कहा, ”क्या तालिबान ने उनके पैर पर हमला किया। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उनके साथ रहते हैं। कौन उनके नजदीक जा सकता है? 4 आईपीएस अधिकारी उनकी सुरक्षा में तैनात हैं। उन्हें तुरंत सस्पेंड करना चाहिए। हमला करने वालों को गिरफ्तार किया जाए। वो सहानुभूति के लिए नाटक कर रही हैं।”

वहीं कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि “सहानुभूति हासिल करने के लिए ये रणनीति” काम नहीं करेगी। मुझे लगता है कि मामले को सीबीआई को जांच के लिए सौंप दिया जाना चाहिए।

अस्पताल में हैं भर्ती


ममता बनर्जी के बाएं टखने में गंभीर चोट आई है। दायें कंधे पर भी चोट। शुरुआती जांच में पता चला है कि ममता की कलाई और गर्दन पर भी चोट लगी है। SSKM अस्पताल के डॉक्टर एम. बंधोपाध्याय ने बताया की सीएम ममता बनर्जी को अगले 48 घंटे तक निगरानी में रखा जाएगा।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को नंदीग्राम विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया था। इस सीट पर उनका मुकाबला अपने सहयोगी और अब बीजेपी में शामिल हो चुके नेता शुभेंदु अधिकारी से है। नामांकन भरने से पहले इन्होंने दो किलोमीटर लंबा रोड शो किया था और एक मंदिर में पूजा अर्चना की थी। नामांकन दाखिल करने के बाद बनर्जी एक और मंदिर गईं। वहीं इस दौरान ही ये इस हादसे का शिकार हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार किसी ने भी ममता को धक्का नहीं दिया था। वो अपने आप ही इस हादसे का शिकार हुई हैं।

Back to top button