समाचार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करवाएंगेे 3500 लड़कियों का कन्यादान, शादी के लिए देंगे 75 हजार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने राज्य की महिलाओं के लिए कई सारी योजनाएं शुरू की हैं। ताकि राज्य की महिलाओं का सशक्तिकरण किया जा सके। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अब इस राज्य में एक ओर खास योजना शुरू की जा रही है। जिसके तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिक को बिटिया की शादी करवाई जाएगी और सरकार की ओर से 75 हजार रुपए दिए जाएंगे। इतना ही नहीं  ‘‘सामूहिक विवाह’’ के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद होंगे और विवाहित जोडों को आशीर्वाद देंगे।

इस योजना के बारे में अधिक जानकारी देते हुए उप श्रमायुक्त रवि श्रीवास्तव ने बताया कि श्रम विभाग की ओर से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए ‘‘कन्या विवाह सहायता योजना’’ के तहत ‘‘सामूहिक विवाह’’ की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। आगामी 18 मार्च को रायबरेली रोड स्थित वृन्दावन योजना में ‘‘डिफेंस एक्सपो कार्यक्रम स्थल’’ पर सामूहिक विवाह का आयोजन होगा और इस दौरान  3500 जोड़ों की शादियों का लक्ष्य रखा गया है। इतने जोड़ों की शादी करवाने का लक्ष्य लखनऊ मण्डल के तहत आने वाले जिलों मसलन लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, रायबरेली, उन्नाव, लखीमपुर खीरी एवं बाराबंकी के जिम्मे है।

इन्होंने बताया कि अब तक 2016 जोड़ों के विवाह के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। पंजीकृत निर्माण श्रमिक, जिनका श्रम विभाग में पंजीयन 100 दिन पुराना है। जो लोग इस विवाह का हिस्सा बनना चाहते हैं, वो अभी भी अपना पंचीकरण करवा सकते हैं। जिले के श्रम कार्यालय में 12 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।

उप श्रमायुक्त ने बताया कि इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। उन्होंने कहा कि मण्डलायुक्त की ओर से सभी जिलों के जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों को विवाह की तैयारी के लिए जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने राज्य में कई सारी योजनाओं की शुरूआत की है जो कि महिलाओं से जुड़ी हुई हैं। वहीं अब 18 मार्च को इस राज्य की 3500 जोड़ों की शादियां मुफ्त में करवाई जा रही है। दरअसल आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग के लोगों को अपनी बेटियों की शादी का बोझ न उठाना पड़े इसके लिए ये योजना लाई गई है। ताकि बिना पैसे खर्च किए श्रम वर्ग के लोग अपनी बेटी का विवाह करवा सकें।

Back to top button