समाचार

नाबालिग ने की खुदकुशी, नोट में लिखा ‘चाहता था मेरी शादी एक लड़के से हो लेकिन ऐसा हो नहीं सका’

उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक किशोर ने शादी के कारण आत्महत्या कर ली। मरने से पहले इस लड़के ने एक सुसाइड नोट लिखा। जिसमें खुलकर आत्महत्या करने की वजह बताई। सुसाइड नोट में इसने लिखा कि ‘चाहता था मेरी शादी एक लड़के से हो लेकिन ऐसा हो नहीं सका, इसलिए मर रहा हूं’। खुदकुशी करने वाले लड़के की आयु 17 साल की थी और ये नाबालिग था। वहीं पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।

खबर के अनुसार बिरधा चौकी क्षेत्र में नाबालिग के पिता की किराने की दुकान है। घर वाले उसकी शादी करने की योजना कर रहे थे और वो शादी के लिए तैयार नहीं था। इसने कई बार अपने घर वालों को समझाया भी। लेकिन घर वाले नहीं माने। जिससे तंग आकर इस लड़के ने ये रास्ता चुना और अपनी जिंदगी को खत्म कर लिया। लड़के द्वारा मरने से पहले लिखे गए पत्र के अनुसार ये लड़की से शादी नहीं करना चाहता था और ये बात कोई भी समझ नहीं रहा था।

सोमवार को ये मृतक लड़का दिन भर गांव में ही अपने पिता की किराने की दुकान पर बैठकर दुकानदारी करता रहा। देर शाम को घर पहुंचकर खाना खाया और रात में करीब नौ बजे कमरे में सोने चले गया। वहीं अगले दिन मंगलवार सुबह को जब ये नहीं उठा तो घर वालों ने दरवाजा खटखटाया। कोई आवाज न आने पर पिता व अन्य परिजनों ने दरवाजे को तोड़ दिए। अंदर बेटे का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था और पास में सिलिंडर गिरा पड़ा था।  कहा जा रहा है कि सिलिंडर पर खड़े होकर ही इसने फांसी लगाई।

घर वालों ने तुरंत पुलिस को फोन किया। जिसके बाद पुलिस मौके पर आई और उन्होंने कमरे की तलाशी ली। पुलिस को उसके पास एक सुसाइड नोट बरामद हुआ।  पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि ‘वह शादी नहीं करना चाहता है। वह एक सुंदर लड़का है और एक लड़के से ही शादी करना चाहता था…। मरने से पहले उसने लिखा कि मैं एक ऐसा लड़का हूं कि लड़का तो हूं, लेकिन मेरे अंदर लक्षण एक लड़की जैसे हैं। सुंदर लड़का देखकर मैं आकर्षित होता हूं। चाहता था कि मेरी शादी एक लड़के से हो, लेकिन ऐसा नहीं हो सका, इसलिए मर रहा हूं।’

इस पूरे मामले के बारे में जानकारी देते हुए बिरधा चौकी प्रभारी दयाशंकर सिंह ने कहा कि परिजन किशोर की शादी तय कर रहे थे और वो शादी नहीं करना चाहता था। सुसाइड नोट मिला है, जिसमें ये बात लिखी गई है कि वो लड़के की ओर आकर्षित होता है और लड़के से ही शादी करना चाहता था। ऐसा नहीं होने की वजह से वह मर गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक के ताऊ का बयान भी आया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि भतीजे के पास एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने शादी नहीं करने की बात लिखी है।

Back to top button