समाचार

हाथरस की बेटी ने पिता के लिए मांगा इंसाफ, रोते हुए कहा-पहले छेड़खानी की और अब पापा को मार दिया

हाथरस के सासनी क्षेत्र के गांव नौजरपुर में एक किसान पिता ने बेटी के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में गौरव शर्मा नाम के युवक पर केस दर्ज करवाया था। गौरव लंबे समय से लड़की के पिता पर केस वापस लेने का दबाव डाल रहा था। लेकिन लड़की के पिता ने केस वापस नहीं लिया। जिसके कारण गौरव शर्मा ने लड़की के पिता को गोली मार दी। अब ये लड़की अपने पिता के लिए इंसाफ मांग रही है।

मजबूर बेटी ने रोते हुए मीडिया और पुलिस के सामने पिता के लिए इंसाफ मांगा और कहा कि “प्लीज मुझे इंसाफ दो, पहले उसने मेरे साथ छेड़खानी की तो मेरे पापा ने उसके खिलाफ केस कर दिया। उसने मेरे पापा को गोली मारी दी। वो बहराइच से यहां घूमने आए थे। वो छह-सात लोग थे मेरे पापा को यहां (दाईं कनपटी) गोली मारी, यहां (सीने पर) गोली मारी, यहां (कमर पर) गोली मार देता, यहां (कनपटी) गोली क्यों मारी उसने। उसका पहले से केस चल रहा है। खेत में आलू की खोदाई का काम चल रहा था। मेरे पापा को किसी से कोई मतलब नहीं है। वो आया उसने मेरे पापा को गोली मार दी। गौरव शर्मा नाम है उसका गौरव शर्मा।”

क्या है पूरा मामला

करीब ढाई साल पहले 2018 में गौरव शर्मा ने इस लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी। जिसके कारण लड़की के पिता ने उसपर केस दर्ज करवा दिया था। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने गौरव को पकड़ लिया था और ये 15 दिनों तक जेल में रहा था।

जमानत पर छूट कर आने के बाद गौरव इनके घर जाया करता था और इन्हें केस वापस लेने को कहता था। लेकिन लड़की के पिता ने केस वापस लेने से साफ मना कर दिया था। वहीं सोमवार को खेत में आलू की खोदाई करते हुए लड़की के पिता की हत्या कर दी गई। मृतक की पुत्री ने चार नामजद सहित छह लोगों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोप है कि जब मृतक की पत्नी और बेटी उन्हें खेतों पर खाना देने आए थे, उसी दौरान आरोपी गौरव अपने दो साथियों के साथ सफेद रंग की गाड़ी में आया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों से घायल होकर वह वहीं गिर गए। इस घटना को देख खेत में काम कर रहे मजदूर जान बनाने के लिए इधर उधर छिप गए। जबकि पीड़ित लड़की अपने घायल पिता को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई। जहां पर उन्हें मृत घोषित किया गया।

इस घटना के बाद शाम को मृतक की पुत्री ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें गौरव, रोहतास शर्मा, निखिल शर्मा, ललित शर्मा व दो अन्य पर हत्या का आरोप लगाया गया है। अभी तक पुलिस केवल दो ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पाई है। अन्य आरोपी की तलाश चल रही है। पुलिस का कहना है कि वो जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ लेगी। वहीं इस घटना पर राज्य के सीएम योगी की नजर भी बनीं हुई है और उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने के आदेश पुलिस को दिए हैं।

Back to top button