समाचार

आयशा खुदकुशी केस: मरने से पहले आयशा ने पिता को किया था फोन, रोते हुए कही थी ये बात

तीन दिन पहले ही साबरमती नदी में कूदकर आयशा नामक महिला ने खुदकुशी कर ली थी। आयशा की खुदकुशी के लिए उसके परिवार वालों ने उसके पति को जिम्मेदारी ठहराया था। जिसके बाद से ही पुलिस आयशा के पति की तलाश कर रही थी। वहीं अब गुजरात पुलिस को कामयाबी मिली है और आयशा के पति को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है।आयशा का पति आरिफ राजस्थान के जालौर का रहने वाला है और इसे पुलिस ने यहां से ही पकड़ा है।

दरअसल आयशा ने खुदकुशी करने से पहले एक एक वीडियो मैसेज रिकॉर्ड किया था। इसके अलावा आयशा की उसके माता पिता के साथ जो आखिर बातचीत हुई थी उसकी ऑडियो भी सामने आई है। जिसमें आयशा ने अपने पति पर काफी आरोप लगाए हैं। शनिवार को आयशा का वीडियो मैसेज वायरल हुआ था। इसके बाद गुजरात पुलिस जालौर में आरिफ के घर पहुंची थी। लेकिन उस समय आयशा का पति आरिफ घर में नहीं था और एक शादी में गया था। इसके बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को सोमवार रात पाली से अरेस्ट किया गया।


इस पूरे मामले पर आयशा के पिता लियाकत अली ने बताया कि मेरी बेटी आयशा हंसमुख थी। लेकिन निकाह के बाद से ही वो तंग रहने लगी। दहेज के चलते उसकी जिंदगी नर्क बन गई थी। ससुराल वालों ने उसे तीन दिन तक खाना तक नहीं दिया था। वो मुझे फोन कर अपनी परेशानी न बता दे। इसलिए आरिफ ने उसका मोबाइल फोन तक छीन लिया था। किसी तरह आयशा ने अपने एक पड़ोसी के मोबाइल से मुझे कॉल किया और कहा कि ‘पापा ये लोग मुझे अब खाना तक नहीं दे रहे हैं’।

इसके बाद वे तुरंत आयशा को मायके ले आए। पति आरिफ, सास-ससुर और उसकी ननद के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस भी दर्ज कराया। आयशा के पिता के अनुसार आयशा ने वीडियो कॉल कर उनसे कहा था कि मैं इनपर दर्ज किए केस को वापस ले लूं। लेकिन मैं अपनी बेटी के हत्यारों को कभी माफ नहीं करने वाला।

वहीं आयशा के वकील जफर पठान ने भी कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। इनके अनुसार आरिफ का राजस्थान की ही एक लड़की से अफेयर था। आयशा के सामने ही आरिफ गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात करता था। वो अपनी प्रेमिका पर पैसे खर्च किया करता था और आयशा के पिता से रुपयों की मांग करता था। खुद आरिफ ने ही आयशा को बताया था कि वो किसी और लड़की से प्यार करता है। इसके बावजूद आयशा चुप रही।

आरिफ एक बार आयशा को अहमदाबाद छोड़ गया था। उस समय आयशा प्रेग्नेंट थी। परिवार का आरोप है कि आरिफ ने कहा था कि अगर आप मुझे डेढ़ लाख रुपए दे देंगे तो मैं आयशा को अपने साथ ले जाऊंगा। ऐसे बर्ताव से आयशा टूट गई थी और डिप्रेशन में आ गई। इसी वजह से उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई।

आयशा और आरिफ की शादी 6 जुलाई 2018 को हुई थी। लेकिन दो साल बाद ही इनके बीच लड़ाई होना शुरू हो गई। जिसके बाद आयशा अपने मायक आ गई और ये दो साल से यहां ही रह रही थी। 23 साल की आयशा ने आरिफ पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। वहीं आयशा अहमदाबाद के रिलीफ रोड पर स्थित एसवी कॉमर्स कॉलेज से ये इकोनॉमिक्‍स से एमए कर रही थी। साथ ही एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करती थी।

गुजरात बार काउंसिल के मेंबर गुलाब खान पठान ने इस मामले पर कहा कि आयशा का केस बेहद दुखद है। कानून के अनुसार, ये मामला आईपीसी की धारा 306 के अंतर्गत आता है। आरोपी को सजा तो निश्चित ही होगी। आयशा का आखिरी वीडियो उसके डाइंग डिक्लेरेशन के रूप में माना जाएगा। इस केस में फास्टट्रैक केस चलाकर आरोपी को सजा दी जानी चाहिए।

Back to top button