समाचार

शादी के अगले दिन ही दुल्हन ने कर दिया ऐसा काम, थाने पहुंच गया दूल्हा, कर दिया केस दर्ज

मध्य प्रदेश पुलिस ने एक लुटेरी दुल्हन को पकड़ा है जो कि शादी करने के बाद दूल्हों को लूटकर भाग जाती थी। इस दुल्हन की तलाश मध्य प्रदेश पुलिस लंबे समय से कर रही थी। वहीं अब पुलिस को कामयाबी मिली है और इस दुल्हन को पकड़ लिया गया है। मध्‍य प्रदेश के खंडवा की छैगांवमाखन पुलिस ने लुटेरी दुल्‍हन समेत तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया है, जो कि इसका साथ दिया करते थे। पुलिस के अनुसार इस गिरोह के लोग ज़रूरतमंद शादी करने वाले लड़कों की पहले खोज करते थे। उसके बाद उनसे मुलाकात करते थे। शादी होने के अगले दिन ही ये लोग पैसे लेकर भाग जाते थे। इनके खिलाफ कई लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके बाद से पुलिस इनकी तलाशी में लगी हुई थी। वहीं अब पुलिस के हत्थे ये लोग चढ़ गए हैं। इन सभी लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, छैगांवमाखन का एक पीड़ित सदाशिव गुर्जर ने 2 अप्रैल 2019 को एक केस दर्ज करवाया था। जिसमें सदाशिव गुर्जर ने कहा था कि दीपिका उर्फ दीपाली नाम की एक महिला ने उससे विवाह किया था। लेकिन विवाह के अलगे ही दिन वो घर से भाग गई। पीड़ित सदाशिव गुर्जर की ओर से दर्ज करवाई गई शिकायत के अनुसार दीपाली से उसका विवाह 28 मार्च 2019 को हुआ था। शादी के अगले दिन दीपाली ने अपनी मां के बीमार होने का बहाना मारा और मदद के लिए सदाशिव गुर्जर से 90 हजार रुपये लिए। इसके बाद ये महाराष्ट्र फरार हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर लगातार छैगांवमाखन पुलिस आरोपी महिला की तलाश कर रही थी।

इस मामले में पुलिस ने दीपाली के अलावा उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया था। जिनके नाम भागवत और राजेश थे और पुलिस इनकी तलाश भी कर रही थी। पीड़ित सदाशिव गुर्जर की शिकायत के अलावा पुलिस के पास कुछ और ऐसे ही फर्जी विवाह की शिकायत की आई थी। जिसके बाद पुलिस ने इनकी तलाश तेजी से करना शुरू कर दी थी। पुलिस दो साल से इन आरोपियों को पकड़ रही थी।

वहीं अब पुलिस को दो साल बाद कामयाबी मिली है और इन्हें पकड़ लिया गया है। जब पुलिस ने इनसे पूछताछ की तो पाया कि भागवत नामक आरोपी कि पत्नी छाया महिलाओं और लड़कियों को बहला-फुसलाकर शादी के लिए तैयार करती थी। उसके बाद वो लड़कियों से उनका विवाह करवा देती थी। शादी के अगले दिन ही ये लोग दूल्हा पक्ष के लोगों को ठगकर भाग जाते थे।

खंडवा की एडिशनल एसपी सीमा अलावा ने इस पूरे मामले पर बात करते हुए कहा क‍ि आरोपी महिला दीपाली को महाराष्ट्र से पकड़ा गया है। महाराष्ट्र पुलिस को इसके पास से कई सारी महिलाओं और लड़कियों के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले हैं। जिसकी पुलिस जांच करवाने में जुटी हुई है। इन्हें पकड़ने के बाद कोर्ट में इनकी पेशी की गई थी।  इन आरोपियों को कोर्ट ने 2 दिन के लिए रिमांड पर भेजा है और पुलिस अभी भी इनसे पूछताछ कर रही है।

Back to top button