समाचार

49 साल की उम्र में बीजेपी सांसद व भोजपुरी एक्‍टर मनोज तिवारी बनें पिता, घर आई नन्हीं परी

बीजेपी के पूर्व दिल्‍ली अध्‍यक्ष व भोजपुरी एक्‍टर-सिंगर मनोज तिवारी के घर एक बेटी ने जन्म लिया है और ये पिता बन गए हैं। सांसद मनोज तिवारी ने खुद इस बात की जानकारी लोगों को दी और बताया कि उनके घर में नन्‍हीं परी ने जन्‍म लिया है। ये खबर देते हुए मनोज तिवारी ने एक फोटो भी शेयर की। जिसमें ये अपनी बेटी के साथ नजर आ रहे हैं। वहीं मनोज तिवारी को हर कोई बधाई दे रहा है।

बीजेपी सांसद ने ये खुशखबरी अपने प्रशंसकों और समर्थकों के साथ साझा करते हुए एक ट्वीट किया और लिखा कि  ‘मेरे घर आई एक नन्‍हीं परी…मुझे बेटी हुई है। जय जगदंबे…’। मनोज तिवारी की बेटी का जन्म बुधवार को हुआ है। वहीं जैसी ही मनोज तिवारी ने ये खुशखबरी लोगों के साथ साझा की उन्हें कई सारे लोगों ने बधाई दी।


शुभकामनाएं देते हुए एक प्रशंसक ने लिखा, ‘भैया आपको बहुत-बहुत बधाई। मां जगदंबा का आशीर्वाद आप सभी पर बना रहे।’ एक अन्‍य समर्थक ने ट्वीट करते हुए कहा कि, ‘बधाई! नववर्ष के मंगव अवसर पर घर में लक्ष्‍मी जी आई हैं। ‘इसी प्रकार से एक अन्‍य शख्‍स ने लिखा, ‘बधाई सर। मैं आपको लेकर बहुत खुश हूं। ईश्‍वर का आशीर्वाद आपको और आपकी नन्‍हीं परी के साथ सदैव बना रहे।

की हैं दो शादियां

मनोज तिवारी ने कुल दो शादियां कर रखी हैं। इनकी पहली पत्नी का नाम रानी था। जिनसे इन्होंने साल 2011 में तलाक ले लिया था। इनकी एक बेटी भी है। वहीं तलाक के बाद इन्होंने दूसरी शादी शुर्भी नामक लड़की से की है और शुर्भी और मनोज के घर नन्हीं परी आई है। 49 साल के मनोज तिवारी ने कई सारी भोजपुरी फिल्मों में काम कर रखा है। हालांकि अब ये राजनीति में ज्यादा सक्रिय हैं।

गौरतलब है कि मनोज तिवारी ने उत्‍तर प्रदेश की गोरखपुर से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। ये चुनाव इन्होंने सपा की टिकट पर लड़ा था। लेकिन उत्‍तर प्रदेश के मौजूदा मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से इन्‍हें इस सीट पर हार मिली थी। जिसके बाद ये सपा को छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। बीजेपी में शामिल होने के बाद इन्हें साल 2014 में उत्‍तर-पूर्वी दिल्‍ली से पार्टी का उम्‍मीदवार बनाया गया और ये लोकसभा चुनाव जीतने में सफल रहे थे। साल 2019 का लोकसभा चुनाव भी इन्होंने दिल्ली से लड़ा और इस चुनाव में जीत हासिल की।

Back to top button