समाचार

शादी के 2 दिन बाद दुल्हन बोली- मैं कांता बाई हूं, मैं तो शादी में रोटियां बनाने आई थी..

एक युवक ने 10 लाख का कर्जा लेकर शादी की और शादी के दो दिन बाद उसे पता चला कि जिस लड़की से उसकी शादी हुई है वह शादी में रोटी बनाने आई बाई है। यह खबर सुनते ही दूल्हे की सिट्टी पीट्टी गुम हो गई। शादी के नाम पर यह धोखाधड़ी राजस्थान के जोधपुर के मतोड़ा थाना क्षेत्र के बैंदो का बास निवासी एक युवक संग हुई है।

पीड़ित युवक ने शादी के लिए दस लाख रुपए का कर्ज लिया था। इस दौरान उसने अपनी बीवी को 2 तोला सोने की लकड़ी पत्ता मंगलसूत्र, एक अंगूठी, 40 तोला चांदी के गहने दिए। वहीं अपनी नई नवेली बीवी को एक नया मोबाईल भी दिलाया। लेकिन जब पत्नी विवाह के दो दिन बाद मायके गई तो उसी मोबाईल नंबर से फोन कर बोली – ‘हैलो! मैं कांता बोल रही हूं। आपके साथ धोखा हुआ है। मैं शादी में रोटियां बनाने का काम करती हूं। 7 दिन के लिए नागौर आई थी। गंगा सिंह ने मुझे डरा धमकाकर शादी करवाई।’

दुल्हन ने आगे बताया कि उसे इस काम के लिए प्रतिदिन हजार रुपए की मजदूरी मिलती थी। वह यह नहीं करना चाहती थी लेकिन उससे डरा धमकाकर यह शादी कारवाई गई। यह बात सुनते ही दूल्हा टेंशन में आ गया। उसने शादी तय करवाने वाले बिचौलिए गंगा सिंह को 3 लाख 50 हजार रुपए भी दिए थे। उससे कहा गया था कि लड़की वाले बहुत गरीब है इसलिए उनका शादी का खर्चा भी आपको ही उठाना पड़ेगा। कई सालों से शादी के लिए परेशान हो रहे दूल्हे ने यह शर्त भी मान ली थी। लेकिन उसे क्या पता था कि उसके साथ बहुत बड़ी ठगी हुई है।

अब पीड़ित युवक मदद के लिए पुलिस के पास गया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक के अनुसार नागौर के जायल मांगलोद निवासी उसका रिश्तेदार गंगा सिंह और अन्य लोग उसके घर आए थे। गंगा सिंह ने कहा था कि उसकी नजर में एक लड़की है। इसके बाद उसने उन्हें फूल सिंह की पुत्री पिंकू दिखाई जिसके साथ 500 रुपए हाथ में देकर रिश्ता तय हो गया।

गंगा सिंह ने पीड़ित युवक और उसके रिश्तेदारों को ये कहकर डरा दिया था कि गांव में इस शादी की बात किसी से न करना वरना वे लोग शादी तुड़वा देंगे। फिर तय दिन जब युवक बारात लेकर नागौर आने लगा तो गंगा सिंह बोला कि लड़की के परिवार में किसी की मौत हो गई है इसलिए तुम लोग बारात लेकर मांगलोद आ जाओ। जब दूल्हा बारात लेकर मांगलोद आया तो लड़की को देख उसके होश उड़ गए। उसने जिस लड़की से रिश्ता तय किया था वह यह नहीं थी।

युवक को शादी तो करनी ही थी तो उसने इसी लड़की से शादी का मन बना लिया और खुश होकर घर आ गया। फिर शादी के दो दिन बाद गंगा सिंह उसके घर आया और दुल्हन को मायके ले जाने का कहकर ले गया। फिर जब दुल्हन का कॉल आया तो युवक को सारी सच्चाई पता चली।

Back to top button