बॉलीवुड

40 साल की हुई ‘कलियों का चमन’ फ़ेम मेघना नायडू, 10 साल बड़े शख्स से की थी चोरी छिपे शादी

साल 2002 में एक म्यूजिक वीडियो आया था ‘कलियों का चमन’ (Kaliyon Ka Chaman)। ये तब बहुत पॉपुलर हुआ था। इस वीडियो में एक्ट्रेस मेघना नायडू (Meghna Naidu) थी। इस गाने के बाद उन्हें बहुत लोकप्रियता मिली थी। आज 19 सितंबर को मेघना 40 वर्ष की हो गई हैं। ऐसे में उनके जन्मदिन पर हम आपको कुछ दिलचस्प बातें बताने जा रहे हैं।

फ्लॉप करियर

मेघना ने 19 वर्ष की उम्र से ही काम करना स्टार्ट कर दिया था। 1999 में उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘प्रेम साक्षी’ में काम किया था। फिर कुछ कन्नड़ फिल्मों में काम करने के बाद उन्हें ‘कलियों का चमन’ गाना मिला। ये गाना हिट हुआ तो उन्हें 2004 में बॉलीवुड मूवी ‘हवस’ मिल गई। इसमें उन्होंने बहुत बोल्ड सीन दिए।

हालांकि यह फार्मूला काम नहीं आया और वे बॉलीवुड में कोई खास नाम नहीं कमा सकी। हालांकि उन्होंने ‘एके 47’, ‘जैकपॉट: द मनी गेम’, ‘माशूका’, ‘रेन’, ‘बैड फ्रेंड’, ‘ऐटः द पावर ऑफ शनि’, ‘रिवाज’, ‘इश्क दीवाना’ जैसी फिल्मों में काम भी किया। उन्होंने फिल्मों में कई आइटम नम्बर्स भी किए। फिल्मों के अलावा वे ‘जोधा अकबर’, ‘अदालत’ और ‘ससुराल सिमर का’ जैसे टीवी शोज़ में भी दिखाई दी।

गुपचुप शादी

जब बॉलीवुड में कोई खास बात नहीं बनी तो मेघना ने 25 दिसंबर, 2016 को टेनिस प्लेयर लुईस मिगुल रीस से शादी रचा ली। ये शादी उन्होंने गुपचुप तरीके से की थी। शादी में सिर्फ करीबी लोग ही शामिल हुए थे। मेघना बताती है कि उन्हें तड़क भड़क के साथ शादी करना पसंद नहीं है। उन्होंने अपनी शादी की बात दुनिया से दो साल तक छिपाए रखी थी।

मेघना के पति लुईस उनसे उम्र में 10 साल बड़े हैं। शादी के पहले दोनों ने एक दूसरे को 5 साल डेट किया था। लुईस से मेघना की पहली मुलाकात 21 साल पहले टेनिस कोर्ट पर हुई थी। मेघना के पापा ने ही दोनों को मिलवाया था। हालांकि उम्र का फासला होने के कारण उन्हें तब लगा कि शायद ये रिश्ता नहीं चल सकेगा।

हालांकि कुछ समय बाद दोनों सोशल मीडिया पर कनेक्ट हुए। जल्द दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। जब मेघना ने अपने पिता को बताया कि वह लुईस को डेट कर रही हैं, तो वे बड़े खुश हुए।

कम उम्र में घर

मेघना ने महज 23 साल की उम्र में मुंबई में अपना घर ले लिया था। ये उनके पिता की सलाह थी कि बैंक में पैसा जमा करने से अच्छा है घर खरीद इन्वेस्ट कर दो। मेघना ने ‘कलियों का चमन’ हिट होने के 6 महीने बाद ऐसा ही किया। इस घर को खरीदने के लिए उन्होंने लोन लिया था। इसके पैसे चुकाने को उन्होंने दिन रात कड़ी मेहनत की।

Back to top button