दिलचस्प

पर्दे पर फिर दिखेगा करण और सुरभि का जादू, इस शो के डिजिटल वर्जन में साथ नजर आएंगे जोया-असद

बॉलीवुड और टीवी एक्टर करण सिंह ग्रोवर अपने अभिनय और गुड लुक्स को लेकर चर्चा में बने रहते हैं। कुछ समय पहले ही करण सिंह ग्रोवर एकता कपूर के शो कसौटी जिंदगी के 2 में मिस्टर बजाज के रोल में नजर आए थे। हालांकि उन्होंने किसी कारण से ये शो छोड़ दिया और अब करण पटेल मिस्टर बजाज के रोल में नजर आ रहे हैं। हालांकि करण सिंह ग्रोवर एक बार फिर टीवी पर वापसी करने वाले हैं और इस बार उनकी जोड़ी उस एक्ट्रेस के साथ जमने वाली है जिसे दर्शक काफी पसंद करते हैं। बता दें कि करण सिंह ग्रोवर किसी नई एक्ट्रेस नहीं बल्कि अपनी पुरानी को-स्टार सुरभी ज्योति के साथ नजर आने वाले हैं।

फिर जमेगी असद-जोया की जोड़ी

दरअसल करण सिंह ग्रोवर और सुरभि ज्योति अपने फेमस शो ‘कुबूल है’ के डिजिटल वर्जन 2.0 में एक साथ वापसी कर रहे हैं। खबरों की मानें तो इस शो के लिए प्लेटफॉर्म तो नया होगा ही, साथ ही इस नए वर्जन की कहानी भी एकदम नई होगी। बता दे कि कुबूल है का ये नया डिजिटल वर्जन होगा जिसमें सिर्फ 10 से 12 एपिसोड ही होंगे। इस शो के लिए जिन कलाकारों को चुना गया है वो 2 अक्टूबर से शो की शूटिंग शुरु करेंगे। इस शो के सभी कलाकारों ने इस शो की तैयारियां भी शुरु कर दी है। हालांकि कुबूल है कि निर्माता गुल खान की तरफ से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

गौरतलब है कि इस शो का सीक्वल बनने की खबरें पहली भी आई थी, लेकिन उस समय इस शो की निर्माता गुल खान ने इन खबरों को गलत बताया था। बता दें कि टीवी से डिजिटल सीक्वल का ये प्रयोग नया नहीं है। इससे पहले निया शर्मा के शो जमाई राजा के सीक्वल ‘जमाई राजा 2.0’ का प्रसारण भी डिजिटली ही किया गया था। अब कुबूल है के साथ भी गुल खान कुछ ऐसा ही प्रयोग करने जा रही हैं।

कुबूल है में जमी थी जोड़ी

बता दें कि साल 2012 में कुबूल है टीवी पर प्रसारित हुआ था। इसमें सुरभि ज्योति ने जोया का और करण सिंह ग्रोवर ने असद का रोल निभाया था। सीरियल की स्टोरी के साथ साथ करण और सुरभि की कमैस्ट्री भी दर्शकों को काफी पसंद आई था। ये शो चार साल तक  चला था और बहुत हिट हुआ था। अब शो के निर्माताओं को एक बार फिर इन दोनों कलाकारों से उसी तरह की कमैस्ट्री की उम्मीद है।

वर्क फ्रंट की बात करें तो करण सिंह ग्रोवर कुछ समय पहले अपनी पत्नी और एक्ट्रेस बिपाशा बसु के साथ वेब सीरीज ‘डेंजरस’ में नजर आए थे। इस सीरीज को फैंस ने कुछ खास पसंद नहीं किया, लेकिन करण और बिपाशा की जोड़ी दर्शकों को काफी पसंद आई थी। वहीं सुरभि ज्योति टीवी की नागिन बनकर लोगों को अपनी खूबसूरती का दीवाना बना चुकी हैं। अब पर्दे पर एक बार फिर असद और जोया की जोड़ी जमने वाली है। जिस तरह से फैंस ने असद जोया को प्यार दिया था उम्मीद है कि एक बार फिर इनकी जोड़ी डिजिटल तौर पर ये कमाल दिखाएगी।

Back to top button