बॉलीवुड

सुशांत और महेश भट्ट के रिश्ते के बारे में अंकिता ने किया बड़ा खुलासा, रिया को लेकर भी दिया बयान

अंकिता सुशांत की गर्लफ्रेंड होने के साथ उनकी अच्छी दोस्त भी रहीं, लेकिन ब्रेकअप के बाद सुशांत की जिंदगी में काफी कुछ बदल गया

बॉलीवुड के दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या केस की गुत्थी सुलझने की जगह और उलझती जा रही है। आए दिन इस केस में नई बातें सामने आ रहीं हैं और नए खुलासे हो रहे हैं। सुशांत सिंह के पिता केके सिंह के रिया चक्रवर्ती के खिलाफ पटना में मुकदमा दर्ज कराने के बाद मुंबई के साथ बिहार पुलिस भी इस केस की जांच कर रही है। दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स लगातार इस मामले पर कोई ना कोई बयान दे रहे हैं। सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्तीं के साथ महेश भट्ट का नाम भी जोड़ा जा रहा है। वहीं ये भी कहा जा रहा है कि महेश भट्ट ने ही रिया को सुशांत से अलग रहने को कहा था। अब इन सारे मामलो पर सुशांत की एक्स गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे ने भी चुप्पी तोड़ी है।

महेश भट्ट और सुशांत पर बोलीं अंकिता

सुशांत के चले जाने के बाद से अंकिता काफी समय तक शांत थी और सोशल मीडिया पर सुशांत की बहनों के पोस्ट पर ही रिएक्शन दे रही थीं। हालांकि अब अंकिता भी खुलकर इस मामले में सामने आई हैं और उन्होंने सुशांत के बारे में कई चैनलों से बात भी की है। एक इंटरव्यू में अंकिता ने सुशांत और महेश भट्ट के रिश्तों को लेकर भी खुलासा किया है। अंकिता ने कहा कि, ‘जब तक वो और सुशांत साथ में थे तब तक सुशांत और महेश भट्ट के बीच कोई रिश्ता नहीं था’।

अंकिता ने आगे कहा कि, ‘रिया और महेश भट्ट की बॉन्डिंग के बारे में मुझे नहीं पता। शायद हो सकता है कि रिया ने महेश भट्ट को सुशांत से मिलवाया होगा या नहीं मिलवाया होगा, शायद ये ही कुछ कनेक्शन रहा होगा। हालांकि मैं इसके बारे में कुछ नहीं जानती हूं तो मैं इस पर कमेंट भी नहीं कर सकती’। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद से ही रिया और महेश भट्ट के रिश्ते पर कई सवाल उठे हैं। बॉलीवुड के ही कई लोगों का कहना है कि महेश भट्ट ने रिया को सुशांत से अलग रहने को कहा था वहीं पुलिस से हुई पूछताछ में महेश भट्ट ने इस आरोप से साफ इनकार किया है।

सुशांत केस में हर संभव मदद कर रहीं अंकिता

बता दें कि अंकिता और सुशांत ने एक साथ ही शो ‘पवित्र रिश्ता’ से अपने करियर की शुरुआत की थी और इस शो के साथ ही इनका प्यार परवान चढ़ा था। अंकिता और सुशांत एक दूसरे के इतने करीब थे कि दोनो जल्द ही शादी करने वाले थे। हालांकि ये रिश्ता एक लंबे वक्त बाद टूट गया था। इसके बाद सुशांत का नाम दूसरी एक्ट्रेस से जुड़ने लगा था। निधन से कुछ समय पहले सुशांत रिया के साथ लिव इन में रह रहे थे। ऐसे में रिया के ऊपर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है।

अंकिता का इस सारे मामले में ये ही कहना है कि, ‘सुशांत एक ऐसा लड़का था जो बहुत खुशदिल रहता था और दिल खोल के जीता था। इस बात को पचा पाना मुश्किल है कि वो किसी बात को लेकर डिप्रेशन में था। अगर ऐसा हुआ है तो इसकी वजह जानना जरुरी है। ये पता लगाना जरुरी है कि सुशांत ने ऐसा कदम क्यों उठाया’। बता दें कि अंकिता पूरी तरह से इस मामले में सुशांत के परिवार के साथ खड़ी हैं वहीं बिहार से मुंबई आई पुलिस की भी वो हर तरह से मदद कर रही हैं।

Back to top button