बॉलीवुड

फिल्मों में बोल्ड सीन कर चर्चा में आई थीं मंदाकिनी, दाऊद इब्राहिम की वजह से बर्बाद हुआ था करियर

मंदाकिनी एक ऐसी एक्ट्रेस रहीं जिन्होंने पर्दे पर अपनी फिल्मों से और निजी जिंदगी में अपने अफेयर से खूब हंगामा मचाया

फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ में जब झरने के नीचे सफेद पारदर्शी साड़ी पहने एक 22 साल की एक्ट्रेस पर्दे पर नजर आई तो लाखों युवाओं के दिल धड़क उठे। अपनी खूबसूरती और बोल्ड अंदाज से लोगों का दिल जीत लेनी वाली ये एक्ट्रेस थीं मंदाकिनी। आज मंदाकिनी का 57वां जन्मदिन है। 30 जुलाई 1963 को यूपी के मेरठ में जन्मी मंदाकिनी का असली नाम यास्मीन जोसेफ है। 80 के दशक में जितने बोल्ड सीन्स मंदाकिनी ने दिए उतने शायद ही किसी दूसरी एक्ट्रेस ने दिए होंगे। उन्होंने फिल्में तो बहुत की, लेकिन ‘राम तेरी गंगा मैली’ के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाता। आज उनके जन्मदिन के मौके पर बताते हैं उनसे जुड़ी कुछ खास बातें।

बोल्ड फिल्मों से बटोरीं सुर्खियां

फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ में मंदाकिनी का काम काफी पसंद किया गया था हालांकि वो इस फिल्म की पहली पसंद नहीं थी। दरअसल इस फिल्म से राज कपूर पहले संजना कपूर को लॉन्च करने का प्लान बना रहे थे, लेकिन बाद में ये रोल मेरठ की यास्मीन जोसेफ को मिल गया। इस फिल्म में मंदाकिनी ने सफेद पारदर्शी साड़ी पहने एक गाने की शूटिंग की थी और फिल्म का ये सीन उस वक्त काफी पॉपुलर हुआ था। हालांकि कई लोगों ने फिल्म को अश्लील तक बता दिया था लेकिन इस फिल्म के चलते मंदाकिनी को फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्ट्रेस का नॉमिनेशन भी मिला था।

80 के दशक में फिल्मों में बोल्ड सीन कम ही फिल्माए जाते थे ऐसे में लीड एक्ट्रेस का ऐसा सीन देना उस वक्त काफी हंगामे वाली बात थी। इसके चलते उनका काफी विरोध हुआ था। हालांकि मंदाकिनी का नाम सिर्फ इसी कारण ही चर्चा में नहीं आया था। उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा विवाद वो था जब उनका नाम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ जोड़ा गया था। दरअसल मंदाकिनी एक बार दाऊद इब्राहिम के साथ स्पॉट की गई थीं। इसके बाद से इनके अफेयर की खबरें खूब चर्चा में आने लगीं थीं।

दाऊद इब्राहिम संग जुड़ा था नाम

यहां तक की ये भी कहा गया कि दाऊद और मंदाकिनी ने शादी कर ली है और इस शादी से उन्हें एक बेटा भी हैं। हालांकि मंदाकिनी ने हमेशा इस बात को खारिज किया। उनका कहना था कि दाऊद से उनकी बस जान पहचान थी। माना जाता है कि दाऊद के साथ जुड़े नाम के चलते मंदाकिनी का करियर खत्म हो गया था। 1996 में आई फिल्म ‘जोरदार’ उनकी आखिरी फिल्म थी। दाऊद के चलते उन्हें कई फिल्मों से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था।

डॉन के साथ संबंध रखने की खबरों के चलते मंदाकिनी की बहुत बदनामी हुई और उन्हें काम मिलना बंद हो गया। इसके बाद उन्होंने गाना शुरु किया। दो एलबम भी निकले लेकिन हिट नहीं हो पाए। बता दें कि मंदाकिनी ने डॉ. काग्यपुर टी रिनपोचे ठाकुर से 1990 में ही शादी कर ली थी।

फिल्मों से दूर ऐसे बीता रहीं जिंदगी

मंदाकिनी एक बेहद खूबसूरत अभिनेत्री थीं और हिट भी, लेकिन विवादों के चलते वो अपना सफल करियर बचा नहीं पाई। उन्होंने ‘तेजाब’ और ‘लोहा’ जैसी दमदार फिल्मों में काम कर सुर्खियां बटोरीं, लेकिन ये सफलता ज्यादा दिनों तक उनके साथ नहीं रह पाई। मंदाकिनी को काम मिलना बंद हो गया था और उनके फिल्में भी फ्लॉप होने लगी थी इसके चलते  उन्होंने 1996 में ही फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया।

आज मंदाकिनी अपने पति के साथ मुंबई में एक तिब्बतन हर्बल सेंटर चलाती हैं वहीं वो लोगों को तिब्बत योगा भी सिखाती हैं। मंदाकिनी के दो बच्चे हैं राबिल और बेटी राब्जे। मंदाकिनी अब फिल्मों से दूर अपना जीवन बिता रही हैं। ग्लैमर की इस दुनिया से मंदाकिनी भले ही दूर हों, लेकिन फैंस उनके रोल के लिए आज भी उन्हें याद करते हैं।

Back to top button