बॉलीवुड

क्या है रोहित शेट्टी और विकास दुबे का कनेक्शन? एनकाउंटर के बाद से ट्रेंड हो रहा रोहित का नाम

विकास दुबे के एनकाउंटर के साथ ही बॉलीवुड का नाम एक बार फिर सामने आ गया है

कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाला खतरनाक गैंगस्टर विकास दुबे शुक्रवार की सुबह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। इससे पहले 9 जुलाई को उसे उज्जैन के महाकाल मंदिर के बाहर से गिरफ्तार किया गया था। अब विकास के मरने के बाद से पूरे देश में तो सनसनी मची ही है बॉलीवुड से भी प्रतिक्रिया आने लगी है। विकास के मरने के साथ ही बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी का नाम भी अचानक से ट्वीटर पर ट्रेंड करने लगा है। आपको बताते हैं क्यों गैंगस्टर विकास दुबे की मौत के बाद से ट्रेंड कर रहा है रोहित शेट्टी का नाम।

 यूजर ने बताया रोहित को मिल गई एक और कहानी

दरअसल रोहित शेट्टी कॉमेडी फिल्मों के साथ-साथ एक्शन फिल्में बनाने के लिए भी मशहूर हैं। ऐसे में  विकास का एनकाउंटर जिस फिल्मी अंदाज़ में हुआ है उसे रोहित शेट्टी की फिल्मों से जोड़कर देखा जा रहा है। उनकी फिल्मों में भी पुलिस और विलेन के बीच ऐसी ही मुठभेड़ कई बार दिखाई जा चुकी है। इसके चलते ही ट्वीटर यूज़र कह रहे हैं कि रोहित शेट्टी को अपनी नई फिल्म की स्क्रिप्ट मिल गई है।


 एक यूज़र ने लिखा- मुझे लगता है कि इस वक्त सबसे ज्यादा खुश रोहित शेट्टी होगें क्योंकि उन्हें सूर्यवंशी के अगले पार्ट की कहानी मिल गई है। क्या फिल्मी एनकाउंटर है। शाबाश यूपी पुलिस। वहीं एक दूसरे यूज़र ने विकास दुबे एनकाउंटर की कुछ तस्वीरें शेयर की है जिसमें वो गाड़ी दिख रही है जिसमें विकास दुबे को लाया गया था। यूजर ने लिखा- जिस तरह से गाड़ी पलटी है मैं सोच रहा हूं कि रोहित शेट्टी को इस स्क्रिप्ट के लिए बुलाया गया था।

फिल्मी था विकास दुबे का एनकाउंटर

एक और यूजर ने कहा कि अगर विकास दुबे पर फिल्म बनी तो रोहित शेट्टी उसे विलेन बनाएंगे और अनुराग कश्यप  उसे हीरो बनाएंगे। एक ने कहा कि ये एनकाउंटर दरअसल सिंघम 3 की स्क्रिप्ट है, जिसका निर्देशन रोहित शेट्टी करेंगे। बता दें कि रोहित शेट्टी ने सिंघम, सूर्यवंशी, सिंबा जैसी कई कॉप आधारित  फ़िल्म बनाई है जिसमें एक पुलिस अधिकारी हमेशा खतरनाक विलेन से अकेले टक्कर लेता है।


रोहित शेट्टी की फिल्म सूर्यवंशी में अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में हैं जहां वो पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाएंगे वहीं अजय और रणवीर सिंह भी खास रोल में नजर आएंगे।ग़ौरतलब है कि जिस तरह से विकास दुबे का एनकाउंटर हुआ है उसे एकदम फिल्मी स्टोरी बताया जा रहा है। निर्माता संदीप कपूर ने भी कल ट्वीट करते हुए इस पूरी घटना पर फिल्म बनाने की बात कह दी थी।

संदीप ने ट्वीट किया था जो भी आज एनकाउंटर में हुआ वो किसी सिनेमा से कम नहीं है। मनोज बाजपेयी कैसा रहेगा अगर आप अपनी अगली फिल्म में विकास दुबे का किरदार निभाए। आप इस रोल में कमाल कर देेंगे। ऐसे में ये खबरें और ज्यादा ट्रेंड करने लगीं कि इस घटना पर फिल्म बनाई जा सकती है।


लोग ये सवाल उठाने लगे कि क्या मनोज बाजपेयी अपनी अगली फिल्म में विकास दुबे का किरदार निभा सकते हैं। हालांकि मनोज बाजपेयी ने ट्वीट कर इन सारी खबरों को गलत बताया। साथ ही संदीप कपूर ने भी बाद में अपना ट्वीट डिलीट कर दिया था। फिल्मों की बात करे तो रोहित शेट्टी की फिल्म सूर्यवंशी इसी साल मार्च में रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोरोना के चलते नहीं हो पाई। अब ये फिल्म थिएटर खुलने के बाद ही बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।

Back to top button