समाचार

इंडिया ग्‍लोवल वीक का पीएम मोदी ने किया आगाज, 30 देशों को संबोधित कर कहा-भारत हर चुनौती से जीता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज ‘इंडिया ग्लोबल वीक 2020’ का आरंभ किया गया है। नरेंद्र मोदी ने ‘इंडिया ग्लोबल वीक 2020’  का वर्चुअल उद्घाटन कर लोगों को संबोधित किया और इस दौरान कोरोना महामारी पर बात की। साथ में ही इस महामारी से कैसे भारत लड़ रहा है ये भी दुनिया को बताया।

3 दिनों तक चलेगा ये आयोजन

‘इंडिया ग्लोबल वीक 2020’  तीन दिनों तक चलेगा और इसका विषय ‘बी द रिवाइवल : इंडिया ऐंड अ बेटर न्‍यू वर्ल्‍ड’ है। इसे समिट में कुल 75 सत्र होंगे, जिसमें 250 वैश्विक वक्ता अपनी बात रखेंगे। वहीं आज मोदी के संबोधन से इसकी शुरुआत की गई है। अपने संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी ने 30 देशों को वर्चुअल कॉन्‍फेंस के जरिए कहा कि भारत पूरी गंभीरता के साथ कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। कोरोना महामारी के बीच भारत अर्थव्‍यवस्‍था में सुधार के संकेत देख रहा है। ये महामारी न केवल स्‍वास्थ्‍य बल्कि इकोनॉमी के लिहाज से घातक है। आज हम महामारी के खिलाफ पूरी ताकत से जंग लड़ रहे हैं। लेकिन हम ये भी चाहते हैं कि विकास और पर्यावरण की रक्षा एक साथ हो।

भारत को बताया पावर हाउस

मोदी ने कहा कि भारत पावरहाउस है, जो दूसरे देशों से सीखता है और सिखाता भी है। भारत ने कई क्षेत्रों में तरक्‍की की है। इतिहास ने दिखाया है कि भारत ने हर चुनौती को पार किया है। हमारा देश आगे बढ़ना चाहता है। भारतीय नैचुरल रिफॉर्मर हैं। हम हर चुनौती का मुकाबला करते हैं। फिर चाहे वो सोशल हो या इकोनॉमिक। भारतीयों ने हर जगह उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन किया है।चाहे वो डॉक्टर हों, आईटी पेशेवर हों, इंजीनियर हों या अन्य क्षेत्रों में कार्यबल हो।

हम ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर काम कर रहे हैं। इस से जुड़े हर तरह के सुधार किए हैं और इन्हें आगे बढ़ा रहे हैं। महामारी के दौर में हमने लोगों को सुविधाएं दीं। हमने रिलीफ पैकेज जारी किया। हम चाहते थे एक-एक पैसा जरूरतमंद तक पहुंचे। टेक्नोलॉजी ये जरिए ये संभव भी हुआ। हम लाखों लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं। इस ग्रामीण क्षेत्रों को मदद मिलेगी।

फार्मा सेक्टर की तारीफ

फार्मा सेक्टर की तारीफ करते हुए मोदी ने कहा, महामारी के समय ये सामने आया कि भारत का फार्मा सेक्टर कितना बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। हम सस्ती और क्वॉलिटी की दवाएं बना सकते हैं। वैक्सीन के मामले में भी यही होगा। इस मामले में हम योगदान देने तैयार हैं। इससे विकासशील देशों को मदद मिलेगी।

आत्मनिर्भर पर दिया जोर

मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का जिक्र करते हुए कहा कि, आत्मनिर्भर भारत से सिर्फ घरेलू लोगों को नहीं बल्कि दुनिया को भी मदद मिलेगी। वहीं महामारी के दौर में हमारे अभिवादन के तरीके नमस्ते को ग्लोबल तौर पर स्वीकार किया गया। महामारी ने इसका महत्व बताया। भारत दुनिया में विकास और समृद्धि के मापदंड तय कर रहा है।

इस वजह से किया जा रहा है ये समिट

आने वाले दिनों में ‘इंडिया ग्लोबल वीक 2020’ में ब्रिटिश रॉयल फैमिली के प्रिंस चार्ल्स, विदेश मंत्री डोमिनिक रॉब, होम मिनिस्टर प्रीति पटेल, हेल्थ मिनिस्टर मैट हेनकॉक और ट्रेड मिनिस्टर लिज भी हिस्सा लेंगे। दरअसल ब्रिटेन यूरोपीय यूनियन और इसकी ट्रेड यूनिट से बाहर हो चुका है। ऐसे में ब्रिटेन भारत के साथ अपने कारोबारी रिश्तों को मजबूत करना चाहता है। इसलिए ये समिट ब्रिटेन के लिए अहम है।

Back to top button