राजनीति

चिदंबरम ने कहा केंद्र में वापसी करेगी कांग्रेस, प्रियंका को CM कैंडिडेट बनाने की कर दी मांग

हमको मालूम है जन्नत की हकीकत लेकिन दिल के खुश रखने को “ग़ालिब” यह ख्याल अच्छा है ...

कांग्रेस पार्टी की नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की मांग की जा रही है। प्रियंका गांधी को लेकर कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम ने एक ट्वीट किया है और ट्वीट के जरिए प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की बात कही है। दरअसल प्रियंका गांधी को केंद्रीय सरकार की और से दिल्ली के लोधी एस्टेट स्थित बंगला खाली करने को कहा गया है। जिसके बाद से ऐसी खबरें आ रही हैं कि प्रियंका गांधी दिल्ली से उत्तर प्रदेश शिफ्ट हो सकती हैे। इन्हीं खबरों के बीच अब कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम का ये ट्वीट आया है।

ट्वीट कर कही ये बात

कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर पर वापसी का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाएगा। प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का कैंडिडेट घोषित किया जाना चाहिए। प्रियंका गांधी को अब लखनऊ में डेरा जमाना चाहिए और अगुवाई करनी चाहिए।

पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम के इस ट्वीट से साफ है कि कांग्रेस पार्टी के अंदर प्रियंका गांधी को बड़ी जिम्मेदारी देने की मांग उठ रही है और प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश के लिए सीएम उम्मीदवार बनाने की बात कही जा रही है।

23 साल से रह रही थी इस घर में

गौरतलब है कि बुधवार को केंद्र सरकार की ओर से प्रियंका गांधी को एक नोटिस दिया गया है और इस नोटिस में प्रियंका गांधी को लोधी एस्टेट घर को एक महीने में खाली करने को कहा गया है। इस घर में प्रियंका गांधी करीब 23 साल से अपने परिवार के साथ रह रही हैं। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय की और से दिए गए नोटिस में कहा गया है कि प्रिंयका गांधी के पास एसपीजी सुरक्षा नहीं है। इस सुरक्षा वाले लोगों को ही सरकारी आवास दिया जाता है। ये सुरक्षा ना होने के चलते उन्हें ये आवास छोड़ना होगा।

आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय की और से प्रियंका गांधी को घर खाली करने के लिए एक अगस्त तक का समय दिया गया है। वहीं अब प्रियंका गांधी दिल्ली से लखनऊ में शिफ्ट हो सकती हैं। लखनऊ में हजरतगंज में 23/2, गोखले मार्ग स्थित शीला कौल के घर पर रहने वाली है। शीला कौल जवाहरलाल नेहरू की भाभी थी और इंदिरा गांधी की मामी थीं और इनके निधन के बाद से ये घर खाली है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में हैं बेहद ही सक्रिय

प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की राजनीति में बेहद ही सक्रिय है। कांग्रेस पार्टी को ज्वाइन करने के बाद प्रियंका को उत्तर प्रदेश में पार्टी का प्रचार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की प्रभारी भी हैं। वहीं प्रियंका गांधी की और से जितने भी ट्वीट किए जाते हैं उनमें से अधिकतर ट्वीट में ये प्रदेश के मसलों को ही उठती हैं। यानी साफ है कि प्रियंका उत्तर प्रदेश में अपनी पकड़ बनाना चाहती हैं।

साल 2022 में होने हैं चुनाव

साल 2022 में यूपी विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में ये लखनऊ शिफ्ट होकर पार्टी को इस राज्य में और मजबूत बनाने का काम प्रियंका कर सकती हैं।

Back to top button