समाचार

प्रियंका गांधी को एक महीने के अंदर खाली करना होगा सरकारी आवास, मामी के घर हो सकती हैं शिफ्ट

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को उनका आवास खाली करने का नोटिस दिया गया है। ये नोटिस शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा भेजा गया है। इस नोटिस में मंत्रालय ने प्रियंका गांधी को एक महीने के अंदर सरकारी आवास खाली करने को कहा है। अपने नोटिस में मंत्रालय की और से लिखा गया है कि प्रियंका गांधी को सीआरपीएफ कवर के साथ ‘जेड प्लस’ सुरक्षा अखिल भारतीय स्तर पर मुहैया कराई गई है। जिसमें सरकारी आवास के आवंटन या उसे बरकरार रखने का कोई प्रावधान नहीं है। इसके मद्देनजर वो किसी सरकारी आवास की हकदार नहीं हैं। ये नोटिस 30 जून को प्रियंका गांधी को दिया गया है।

23 साल से रहे रही थी इस घर में

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा 23 साल से सरकारी आवास में रह रही थी। लेकिन अब प्रियंका को लोधी एस्टेट स्थित 6 बी टाइप के मकान संख्या 35 को खाली करने को कहा गया है। मंत्रालय के अनुसार प्रियंका दिल्ली स्थिति लोधी रोड के बंगले में रहने के लिए योग्य नहीं है। जिसकी वजह से उन्हें ये बंगला खाली करना होगा।

दरअसल साल 2000 में ये नियम बनाया गया था कि जिसके पास एसपीजी सुरक्षा नहीं है। उसे सरकारी बंगला नहीं दिया जाएगा। प्रियंका को पहले सरकार की और से एसपीजी सुरक्षा दी गई थी। लेकिन अब इनसे ये सुरक्षा वापस ले ली गई है और इन्हें जेड प्लस सुरक्षा दी गई है। वहीं जेड प्लस सुरक्षा वाले लोगों को सरकार की और से आवास नहीं दिया जाता है। जिसकी वजह से प्रियंको को ये घर खाली करने को कहा है।

साल 1997 में मिला था ये आवास

प्रियंका गांधी को साल 1997 में लोधी रोड स्थित बंगला अलॉट किया गया था और ये हर महीने इस बंगले के लिए 37 हजार रुपये का किराया भी दे रही थी। वहीं अब इन्हें बंगला खाली करने के लिए 1 अगस्त तक की मोहलत दी गई है।

सरकार के फैसले पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने सरकार के इस फैसले पर सवाल खड़ा किया है और कहा है कि ये उचित कदम नहीं है। क्योंकि गांधी परिवार को सुरक्षा कारणों से घर आवंटित किया गया था। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या कर दी गई। इसलिए परिवार को हमेशा गंभीर खतरा बना रहता है।

लखनऊ करेंगी शिफ्ट

आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय के इस आदेश के बाद प्रियंका गांधी स्थाई तौर पर लखनऊ शिफ्ट हो सकती हैं। कहा जा रहा है कि प्रियंका हजरतगंज में 23/2, गोखले मार्ग स्थित शीला कौल के घर पर रहने आएंगी। ये बंगला सालों से बंद पड़ा है। लेकिन इसे अब प्रियंका गांधी के लिए तैयार किया जा रहा है। इस घर की मरम्मत और साज-सज्जा का काम जारी है। इस घर में महात्मा गांधी भी कई बार आए थे और यहां पर पूर्व पीएम जवाहर लाल नेहरू द्वारा लगाया गया पौधा भी मौजूद है।

कौन हैं शीला कौल

शीला कौल कांग्रेस की नेता थी और ये कैबिनेट मंत्री, राज्यपाल पद पर भी सेवा दे चुकी हैं। इनका निधन वर्ष 2015 में हुआ। ये जवाहरलाल नेहरू की भाभी थी और इंदिरा गांधी की मामी थीं। वहीं प्रियंका अक्सर इनके घर जाया करती थी।

Back to top button