राजनीति

कोहली-अनुष्का ने फिर दिखाई दरियादिली, दोनों ने मिलकर पुलिस वेलफेयर फंड में दिया 10 लाख का दान

इंडियन क्रिकेट टीम के कप्तान और विश्व प्रसिद्ध बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने कोरोना वायरस के खिलाफ जंग को जारी रखते हुए मुंबई पुलिस कल्याण हेतु 5-5 लाख रूपए का दान किया है। कोहली और अनुष्का इन दिनों कोविड19 के खिलाफ लड़ाई में काफी संवेदनशील और गंभीर हैं। दोनों ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री केयर्स फंड और महाराष्ट्र राहत कोष में भी दान किया था। हालांकि पीएम केयर्स फंड और महाराष्ट्र (सीएम) राहत कोष में कितनी राशि दान की है, इसका खुलासा दोनों ने अभी तक नहीं किया है।

मुंबई पुलिस आयुक्त ने विरूष्का को कहा शुक्रिया


विराट और अनुष्का ने काफी लंबे समय से खुद को क्वारंटीन किया है, लेकिन देश के हालात पर उनकी नजर लगातार बनी हुई है। वे दोनों देश को हरसंभव मदद दे रहे हैं। इसी बीच विराट और अनुष्का ने एक बार फिर से इस संकट की घड़ी में देश के कोरोना वॉरियर्स के नाम दान किया है। मुंबई पुलिस की मदद के लिए दी गई रकम की पुष्टि खुद मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने शनिवार को किया। सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस बात की जानकारी दी। परमबीर सिंह ने विराट और अनुष्का का शुक्रिया अदा किया और लिखा कि मुंबई के पुलिसकर्मियों के लिए आप दोनों द्वारा दिए गए 5-5 लाख रूपए के लिए शुक्रिया। आगे उन्होंने लिखा कि आप दोनों के द्वारा दिया गया दान कोरोना जैसे घातक वायरस के खिलाफ लड़ाई में मुंबई पुलिस की मदद करेगा।

विराट अनुष्का कर रहे हैं लोगों को जागरूक

कोरोना वैश्विक महामारी के खिलाफ विराट और अनुष्का की जंग जारी है। दोनों इस समय देश के संकट भरे हालत को समझ रहे हैं और कोरोना के खिलाफ जारी जंग में जमकर हिस्सा भी ले रहे हैं। न सिर्फ आर्थिक मदद बल्कि लोगों को जागरूक करने का काम भी कर रहे हैं। अक्सर दोनों को सोशल मीडिया पर कोरोना के खिलाफ लोगों को जागरूक करते हुए देखा जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने लगातार पीएम नरेंद्र मोदी की पहल का भी समर्थन किया है।

घर पर रहें, सुरक्षित रहें- विराट और अनुष्का

अनुष्का और विराट कोरोना के इस गंभीर दौर में लोगों से कह रहे हैं कि वो अफवाहों पर भरोसा न करें। इसके साथ ही वे लगातार अपने फैंस को ये भरोसा भी दिला रहे हैं कि जल्द ही सब ठीक हो जाएगा। विराट और अनुष्का ने अपने फैंस से कहा है कि इस समय अपने घर पर रहें और सुरक्षित रहें।

बिना दर्शकों के मैच में जादुई मोमेंट्स नहीं रह जाते- कोहली

लगातार देश को आर्थिक मदद के अलावा कप्तान विराट कोहली ने हाल ही में आईपीएल पर एक बयान दिया था, जिसकी वजह से वे आजकल चर्चा में हैं। कोहली ने हाल ही में एक टीवी चैनल को इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने इस बात का समर्थन किया था कि आईपीएल बिना दर्शकों के ही कराया जाए। विराट ने टीवी चैनल को दिए अपने इस इंटरव्यू में कहा था कि खाली स्टेडियम में मैच खेलने से मैच का रोमांच खत्म हो जाएग, लेकिन दर्शकों और देश की सुरक्षा के लिए इस समय यही जरूरी है कि दर्शक स्टेडियम में न आएं। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि दर्शकों का होना स्टेडियम में कई लिहाज से जरूरी है, क्योंकि मैच में कई ऐसे मोमेंट्स होते हैं, जो सिर्फ दर्शकों और प्रशंसकों की वजह से ही होते हैं।

Back to top button