विशेष

देवोलीना के घर तक पहुंचा कोरोना वायरस, 14 दिन के लिए हुई क्वारेंटाइन, बिल्डिंग भी की गई सील

कोरोना वायरस से महाराष्ट्र राज्य बुरी तरह से प्रभावित है और इस राज्य से सबसे अधिक कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। कोरोना वायरस से इस राज्य के मुंबई और पुणे सबसे ज्यादा ग्रस्त हैं और इन दोनों शहरों से ही कोरोना वायरस संक्रमित के सबसे अधिक केस आ रहे हैं। मुंबई में एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री बसी हुई है और कोरोना वायरस अब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लोगों तक पहुंच गया है। जी हां, हाल ही में बिग बॉस 13 कंटेस्टेंट देवोलीना भट्टाचार्य की बिल्डिंग में कोरोना वायरस का केस मिला है। जिसके बाद देवोलीना भट्टाचार्य की पूरी बिल्डिंग सील कर दी गई है।

घर में काम करने वाला शख्स निकला कोरोना पॉजिटिव

खबरों के अनुसार देवोलीना भट्टाचार्य की सोसाइटी में काम करने वाला एक शख्स कोरोना संक्रमित पाया गया है। ये शख्स सोसाइटी के कई घरों में काम करता था और देवोलीना भट्टाचार्य के घर भी जाया करता था। वहीं इस शख्स के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद इसे अस्पताल में भर्ती किया गया है और बिल्डिंग सील कर दी गई है। इसके अलावा देवोलीना भट्टाचार्य और जिन लोगों के घरों में ये शख्स जाया करता था उन्हें क्वारनटीन कर दिया गया है।

गोरेगांव इलाके में रहता था

मीडिया के अनुसार देवोलीना की सोसाइटी में काम करने वाला ये शख्स मुंबई के गोरेगांव इलाके में रहता है। वहीं इसके कोरोना वायरस से ग्रस्त पाए जाने पर सोसाइटी के कई लोगों के हाथ में स्टैम्प लगाई गई है। जिनमें से देवोलीना भी एक हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए देवोलीना ने बताया कि उन्हें 14 दिन तक के लिए होम क्वारनटीन में रहने को कहा गया है। देवोलीना के अनुसार अगर 14 दिन में कोई लक्षण उनमें नजर आते हैं तो वो टेस्ट कराएंगी। देवोलीना मुबंई में अकेली रहती हैं और उनकी मां और भाई असम में हैं।

इन हस्तियों की बिल्डिंग भी हुई है सील

देवोलीना से पहले कई सारी जानी मानी हस्तियों की बिल्डिंग को भी कोरोना वायरस के चलते सील किया गया है। विक्‍की कौशल-और टीवी शो बेहद -2 एक्टर शिविन की बिल्डिंग से भी हाल ही में कोरोना वायरस का केस मिला था। जिसके बाद इनकी बिल्डिंग को सील किया गया। वहीं अब इस सूची में बिग बॉस 13 कंटेस्टेंट देवोलीना का नाम भी जुड़ गया है।

रोज बढ़ रहे हैं मामले

देश में कोरोना वायरस के केस कम होने की जगह बढ़ते जा रहे हैं। इस समय भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का आंकड़ा 52 हजार के पार पहुंच गया है। इन 52 हजार लोगों में 16 हजार केस तो महाराष्ट्र राज्य से ही हैं। इस राज्य के मुंबई शहर में इस वायरस ने अपने पैर अच्छे से जमा लिए हैं। जिसकी वजह से इस शहर में रहने वाले लोग कोरोना वायरस की चपेट में ज्यादा आ रहे हैं।

1700 से अधिक लोगों की गई जान

इस वायरस से अभी तक भारत में 1700 से अधिक मौते हो चुकी हैं। जिसमें से 583 मौतें महाराष्ट्र राज्य में ही हुई है। गौर है कि महाराष्ट्र के बिगड़ते हालातों पर हाल ही में देश के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन ने भी चिंता जताई थी।

Back to top button