विशेष

अब इस दुनिया में नहीं रहे रामायण के ये कलाकार, ‘बाली’ की अस्थियां तो लॉक डाउन में फँस गयी

पुराना जमाना एक बार फिर लौट आया है क्योंकि छोटे पर्दे पर एक बार फिर से रामायण शुरु हो चुका है। लॉकडाउन के चलते घरों में कैद लोगों के मनोरंजन के लिए दूरदर्शन पर एक बार फिर से रामायण प्रसारित हो रहा है। रामानंद सागर की रामायण में काम किए कलाकारों ने अपने किरदार को इतनी खूबसूरती से निभाया कि हर किसी के दिल में बस गए।

राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल (Arun Govil) को लोग आज भी राम के रुप में जानते हैं। वहीं लक्ष्मण का रोल करने वाले सुनील लहरी और सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया आज भी लोगों की नजर में भगवान हैं। इनके अलावा बहुत से कलाकार ऐसे भी थे जो अपने किरदार से अमर हो गए, लेकिन आज वो अपने इस ऐतिहासिक शो की दूसरी यात्रा के साथी नहीं बन पाए। आपको बताते हैं उन कलाकारों के बारें में जो अब इस दुनिया में नहीं है।

दारा सिंह (Dara Singh)

भगवान राम का नाम हनुमान की भक्ति के बिना अधूरा है। उन बजरंग बली का सशक्त किरदार निभाने वाले दारा सिंह आज हमारे बीच मौजूद नहीं है। उनके अभिनय ने लोगों के दिलों में ऐसी जगह बचाई की उनके अलावा हनुमान के रुप में लोग और किसी को पसंद नहीं कर पाए। रामायण के अलावा और दूसरे शो में भी उन्होंने हनुमान का किरदार निभाया। इसके बाद 12 जुलाई 2012 को दारा सिंह इस दुनिया को अलविदा कह गए। अपने आखिरी समय में उन्होंने अपने बेटे से रामायण देखने की इच्छा जताई थी।

मुकेश रावल (Mukesh Rawal)

अगर विभिषण ने राम जी की मदद नहीं की होती तो रावण को खत्म करना भगवान राम के लिए भी मुश्किल था। रामायण के इस महत्वपूर्ण किरदार को निभाने वाले मुकेश रावल भी अब इस संसार का हिस्सा नहीं हैं। विभिषण का रोल मुकेश रावल ने इतनी सहजता से निभाया की लोगों को उनके किरदार से प्रेम हो गया। उन्होंने कई हिंदी और गुजराती सिनेमा में भी काम किया। हालांकि उनकी मौत काफी दुखद रही। साल 2016 में ट्रेन से गिरकर उनकी मौत हो गई थी।

ललिता पवार (Lalita Pawar)

रामायण का खलनायक रावण जरुर था, लेकिन पर्दे पर लोगों को रावण से उतनी नफरत नहीं हुई जितनी की मंथरा से। रानी कैकयी की दासी मंथरा का रोल ललिता पवार ने इतने शानदार तरीके से निभाया की असल में लोग उन्हें मंथरा मानने लगे थे। सिर्फ रामायण में ही नहीं बल्कि हिंदी सिनेमा में उन्होंने जबरदस्त और खतरनाक खलनायिका के तौर पर अपनी पहचान बनाई। ललिता भी 24 फरवरी 1998 में इस दुनिया को अलविदा कह गईं।

विजय अरोड़ा (Vijay Arora)

जब रावण के बेटे मेघनाद ने लक्ष्मण को घायल कर दिया था तो राम दुख से विभोर हो उठे थे। रावण के बेटे मेघनाद का किरदार विजय अरोड़ा ने निभाया था। उनके किरदार को लोगों ने बहुत पसंद किय़ा था। इसके अलावा विजय ने हिंदी सिनेमा में वहीदा रहमान, परवीन बॉबी, मौसमी चटर्जी, जीनत अमान जैसी खूबसूरत और दमदार अभिनेत्रियों के साथ भी काम किया था। साल 2007 में पेट के कैंसर के चलते वो इस दुनिया से चले गए।

श्याम सुंदर कालीन (Shyam Sundar Kalin)

अपने भाई बाली से उसके अत्याचार का बदला लेने के लिए सुग्रीव ने भगवान श्रीराम से मदद मांगी थी। सुग्रीव और बाली के इस किरदार को श्याम सुंदर ने बहुत ही बखूबी से निभाया था। श्याम इस साल के अप्रैल में ही इस दुनिया से अलविदा कह गए और लॉकडाउन के चलते उनकी अस्थियां भी फंसी रह गई हैं। श्याम भी रामायण के इतने करीब थे की रामचरित मानस का पाठ करते हुए उनके प्राण निकल गए।

 

 

Back to top button