राजनीति

ट्रंप की नई नीतियों से अमेरिका में बसे भारतीयों के दिलों में फैला डर, जानिये क्या है वजह!

अमेरिका में आये दिन भारतीयों  का जीना मुश्किल होता जा रहा है। कुछ दिनों पहले तक भारतीयों को नस्लीय हिंसा का शिकार होना पड़ रहा था। कोई भी अमेरिकी भारतीय नागरिकों को परेशान करता हुआ दिखाई दे जाता था। अब अमेरिकी राष्ट्रपति की नई नीतियों की वजह से अमेरिका में बसे भारतीयों के दिलों में भय के बादल छा गए हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर अमेरिका में ऐसा क्या हो रहा है?

नीतियों में बदलाव करने की जरूरत:

दरअसल वहां पुलिस किसी के भी घर में घुसकर छापेमारी कर रही है और उससे दस्तावेजों की मांग कर रही है। अमेरिका में रहने वाले भारतीय और आल इंडिया सिख स्टूडेंट फेडरेशन के प्रधान मंजीत सिंह भौमा ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप को अपनी नीतियों में बदलाव करने की जरूरत है। ताकि वहां रहने वाले लोगों को बेवजह परेशानी ना हो। भौमा ने आगे कहा कि अमेरिका में बसे भारतीयों ने अमेरिका की तरक्की में अपना अहम योगदान दिया है, जिसे आज के समय में नजरंदाज कर दिया गया है और उनके साथ ज्यादती की जा रही है।

सभी लोग नहीं हो सकते आतंकवादी:

भौमा ने कहा कि किसी भी देश के सभी लोग आतंकवादी नहीं हो सकते, ऐसे में अमेरिका में रहने वाले भारतीयों को परेशान करना किसी भी तरह से उचित नहीं है। आपको बता दें जब अमेरिका में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमला हुआ था तो वहां होने वाली शोक सभाओं में भारतीयों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया था। भारतीय उस समय अमेरिकी लोगों के दुखों में शामिल थे। भौमा ने कहा कि अगर एशिया के मुस्लिम देशों में आतंकवादी रहते हैं तो उसकी सजा सभी को नहीं दी जानी चाहिए।

नस्लीय हिंसा के पीछे ट्रंप की नीतियां जिम्मेदार:

भौमा ने यह भी कहा कि अगर आज अमेरिका में नस्लीय हिंसा हो रही है तो उसके पीछे ट्रंप की नीतियां जिम्मेदार हैं। अगर ट्रंप ने अपने फैसले वापस नहीं लिए तो आने वाले समय में भारतीयों पर और हमले होने की सम्भावना है। पंजाबियों और भारतीयों की वजह से ही अमेरिका आज इतनी तरक्की कर पाया है, ऐसे में भारतीयों पर बिना वजह कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।

Back to top button