स्वास्थ्य

रंग नहीं पहुंचा पाएंगे आपको हानि, बस होली खेलने से पहले रखें इन बातों का ख्याल

होली रंगों का त्योहार है और होली के दिन लोग एक दूसरे को रंग जरुर लगाया करते हैं। हालांकि होली के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले रंग कई बार घातक भी साबित होते हैं और इन रंगों की वजह से सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। अगर आपको भी होली मनाने का शौक है तो आप होली के दिन कुछ बातों की सावधानी बरतें। इन बातों को ध्यान में रखने से होली के रंगों से आपकी रक्षा होगी और बिना किसी डर से आप होली खेल पाएंगे।

होली खेलने से पहले जरूर करें ये काम

चेहरे का रखें ख्याल

होली के दौरान चेहरे पर रंग जरूर लगाया जाता है और चेहरे की त्वचा बेहद ही नाजुक होती है। चेहरे पर रंग लगाने से कई लोगों को दाने भी हो जाते हैं। इसके अलावा कई बार चेहरे से रंग निकालना बेहद ही मुश्किल भरा हो जाता है। इसलिए होली खेलने से पहले आप अपने चेहरे पर तेल लगा लें। चेहरे पर तेल लगाने से रंग त्वचा को किसी भी प्रकार की हानि नहीं पहुंचा पाते हैं। आप चेहरे पर और गर्दन पर नारियल का तेल अच्छे से लगाएं और उसके बाद होली खेलें।

बालों की सुरक्षा

त्वचा की तरह ही बालों पर भी होली के रंगों का बुरा असर पड़ता है। बालों की जड़ों पर होली का रंग लगने से बाल खराब हो जाते हैं। कई बार तो सिर की त्वचा पर रंगों के कारण रिएक्शन भी हो जाता है और सिर में खुजली की शिकायत हो जाती है। इसलिए अपने बालों पर भी ध्यान दें और होली खेलने से पहले बालों पर आंवले या सरसों के तेल से मालिश करें। बालों पर ये तेल लगाने से रंग जड़ों तक नहीं पहुंच पाता है और ऐसा होने पर स्केल्प सुरक्षित रहती है। इसके अलावा तेल लगाने से होली खेलने के बाद बालों पर मौजूदा रंग आसानी से निकल भी जाता है।

आंखों की सुरक्षा के लिए

होली के रंग अगर आंखों में चले जाएं तो आंखों में खुजली होने लग जाती है और आंखे लाल हो जाती हैं। इसलिए होली खेलते समय चश्मे का इस्तेमाल करें ताकि आंखों के अंदर रंग ना जा सके। वहीं आंखों के अंदर अगर रंग चले जाए तो तुरंत ठंडे पानी से अपनी आंखों को साफ करें।

फेफड़े और मुंह की सुरक्षा

होली खेलते हुए कई बार रंग मुंह के अंदर चले जाते हैं। मुंह के अंदर रंग जाने से वो फेफड़ों तक पहुंच जाते हैं और फेफड़ों को हानि पहुंचाते हैं। इसलिए मुंह में रंग जाते ही तुरंत पानी से कुल्ला कर लें। साथ में ही अपने मुंह पर मास्क भी लगा लें। ताकि रंग मुंह के अंदर ना जा सके।

रखें इन बातों का ख्याल

  • होली खेलते समय हर्बल रंगों का ही प्रयोग करें। क्यों ये रंग हानिकारक नहीं होते हैं और इन्हें बनाते समय कैमिकल का प्रयोग नहीं किया जाता है।
  • होली खेलने से पहले अपने नाखूनों पर तेल जरूर लगा लें। ताकि नाखूनों के अंदर रंग ना जा सके। नाखून के अंदर रंग जाने से रंग आसानी से नहीं निकल पाता है।

Back to top button