अध्यात्म

महाशिवरात्रि में व्रत करने वाले इन स्वादिष्ट चीजों का करें सेवन, बनी रहेगी सेहत, भरा रहेगा पेट

भगवान शिव को देवों का देव महादेव कहा जाता है। फाल्गुन मास की जो शिवरात्रि होती है, उसे ही महाशिवरात्रि के नाम से जानते हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर लोग पूरी श्रद्धा के साथ भगवान शंकर की पूजा और आराधना करते हैं। इस दिन बहुत से लोग व्रत भी रखते हैं। इस बार महाशिवरात्रि  का पर्व 21 फरवरी दिन शुक्रवार को पड़ा है। बहुत से लोग इस दिन व्रत रखने वाले हैं। महाशिवरात्रि के दिन पूरे विधि विधान से व्रत रखने की परंपरा है। इस दौरान जो नियम हैं पूजा और व्रत को लेकर, उनका कठोरता से पालन करने से ही मनवांच्छित फल मिलता है।

महाशिवरात्रि के व्रत के दौरान के सबसे महत्वपूर्ण सवाल हमारे सामने खान-पान को लेकर रहता है। महाशिवरात्रि का ये पावन पर्व हमारी आस्था से जुड़ा हुआ है। साथ ही अपनी सेहत का भी ख्याल व्रत के दौरान रखना जरूरी है। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि व्रत रखने के दौरान आपको ऐसी कौन सी चीजें खानी चाहिए, जिससे आपकी आस्था भी बनी रहे और साथ में आपकी सेहत भी अच्छी बनी रहे। इसलिए यहां हम आपको खानपान की उन चीजों के बारे में बता रहे हैं, जो आपको व्रत के दौरान खानी चाहिए।

साबूदाने की नमकीन से बदलें टेस्ट

साबूदाने की नमकीन आप व्रत करने के दौरान खा सकते हैं। इसकी खासियत यह है कि यह टेस्टी भी होता है और सेहतमंद भी। इसमें सेंधा नमक का इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए व्रत में आप इन्हें आसानी से खा सकते हैं। इससे आपके मुंह का टेस्ट भी बदल जाएगा, क्योंकि यह चटपटा होता है। बहुत देर तक इससे पेट भी भरा हुआ रहता है।

कद्दू के आटे की पकोड़ी खाएं

यदि आप कद्दू के आटे की पकौड़ी भी बना लेते हैं और इसे खाते हैं तो इससे ना केवल आपको स्वाद मिलता है, बल्कि बहुत देर तक इससे आपको पेट भरा हुआ भी महसूस होता है। आप चाहें तो इसमें आलू और सेंधा नमक मिलाकर इसे बना सकते हैं। जिस तरह से आप पकौड़ी बनाते समय बेसन का इस्तेमाल करते हैं तो उसकी जगह आप कद्दू के आटे का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह सेहतमंद भी होता है।

फ्रूट चाट खा सकते हैं

व्रत करने के दौरान आपके पास एक और सेहतमंद ऑप्शन फ्रूट चाट के रूप में होता है। फल आपके शरीर को बहुत ऊर्जा देते हैं। ऐसे में यदि आप फ्रूट चाट का सेवन करते हैं तो इससे आपका पेट तो भरता ही है, साथ ही आपके शरीर को अच्छी ऊर्जा भी मिल जाती है। ध्यान रखें कि इस दौरान आप नारियल पानी का भी सेवन करें। फ्रूट सलाद में आप चाहें तो दही और सेंधा नमक भी मिलाकर खा सकते हैं। जितना मौसमी फलों का इस्तेमाल आप फ्रूट सलाद में करेंगे, यह आपके लिए उतना ही अच्छा होगा।

साबूदाने की खिचड़ी का सेवन कर लें

महाशिवरात्रि के व्रत के दौरान आप पेट भरने के लिए साबूदाने की खिचड़ी भी खा सकते हैं। यह दरअसल बहुत ही सेहतमंद होता है। इसे आप चाहें तो सेंधा नमक मिलाकर बना सकते हैं। इसके लिए आपको साबूदाने को 4 से 5 घंटे पहले भिगोकर रख देना है। इसके बाद भुने हुए आलू, मूंगफली, धनिया और हरी मिर्च आदि मिलाकर आप स्वादिष्ट तरीके से इसे बना सकते हैं। इसे भी खाने से मुंह का स्वाद बदल जाता है और आपके सेहत के लिए भी यह फायदेमंद होता है। इसे खा लेने से बहुत देर तक भूख का एहसास नहीं होता है।

अमरूद और दूध की ठंडई लें

महाशिवरात्रि के दौरान जब आप व्रत कर रहे होते हैं तो इस दौरान शरीर में पानी की उपलब्धता बनाए रखना जरूरी है। शरीर हाइड्रेट रहेगा तो आपको उर्जा मिलती रहेगी। ऐसे में आपको तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए। पानी भी पीते रहना चाहिए। साथ में आप ठंडई का सेवन करते हैं तो यह बड़ा ही लाभदायक होगा। भगवान शिव को भांग भी चढ़ाया जाता है, लेकिन यह सेहत के लिए अच्छा नहीं है। इसलिए इसके बिना ही आपको ठंडई का सेवन करना चाहिए। अमरूद और ठंडई का भोग लगाने के बाद आपको इसे पी लेना चाहिए।

पढ़ें- बेहद दुर्लभ संयोग बन रहा इस महाशिवरात्रि पर, मनवांछित फल के लिए इन चीजों से करें अभिषेक

Back to top button