अध्यात्म

बेहद ही शुभ होता है ‘कार्तिक महीना’, इन दिनों पूजा-पाठ करने से मिलता है मोक्ष

कार्तिक मास को हिंदू धर्म में सबसे पवित्र महीना माना जाता है और इस महीने के दौरान भगवान लक्ष्मी नारायण की पूजा करने से विशेष लाभ मिलता है। कार्तिक महीने के दौरान ही कई सारे त्योहार भी आते हैं और इस महीने में पूजा-पाठ, व्रत-त्योहार और धार्मिक कार्य करना उत्तम फल देता है।

कमाया जा सकता है पुण्य

कार्तिक महीने का वर्णन पुराणों में मिलता है और पुराणों के मुताबिक इस महीने में ब्रह्म मुहूर्त के समय स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। ज्योतिषियों के अनुसार कार्तिक महीने में सूर्योदय से पहले स्नान करना उत्तम फल देता है। जो लोग इस महीने रोज सुबह सूर्योदय से पहले स्नान करते हैं उन लोगों को मोक्ष की प्राप्ति होती है।

आते हैं ये त्योहार

हिंदू पंचांग में कुल 12 मास बताए गए हैं जिनमें से कार्तिक मास को भगवान विष्णु का मास कहा गया है। कार्तिक माह में पूजा अर्चना करने से हर मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती है। कार्तिक महीने में करवा चौथ, धनतेरस, रूप चौदस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, देव उठनी एकादशी जैसे पर्व आते हैं और ये सभी पर्व बेहद ही शुभ होते हैं।

क्यों पड़ा कार्तिक मास का नाम –

मान्यताओं के अनुसार इसी मास में शिव जी के पुत्र कार्तिकेय ने तारकासुर नामक राक्षस का वध किया था। जिसके चलते इस महीने का नाम कार्तिक पड़ गया। इस महीने को विजय महीना भी कहा जाता है।  कार्तिक महीने का जिक्र माहात्म्य स्कन्द पुराण, नारद पुराण और पद्म पुराण में किया गया है और इस महीने को मोक्ष का द्वार कहा जाता है। इस महीने में ही समुद्र मंथन के दौरान समुद्र से अमृत भी निकला था।

इस महीने ना करें ये काम

कार्तिक महीना बेहद ही शुभ महीना होता है और इस महीने के दौरान आप नीचे बताए गई चीजों को भूलकर भी ना करें।

  • कार्तिक महीने में आप मांस-मछली ना खाएं और शाकाहारी चीजों का ही सेवन करें।
  • इस महीने में आप सरसों के तेल को शरीर पर ना लगाएं। शास्त्रों के अनुसार इस महीने में केवल कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी यानी नरक चतुर्दशी के दिन ही शरीर पर तेल लगाना चाहिए। अन्य दिनों में तेल लगाना शुभ फल नहीं देता है।
  • इस महीने में दाल और राई का सेवन नहीं करना चाहिए।
  • किसी भी व्यक्ति से लड़ाई ना करें और सबसे प्रेम से ही बात करें।

इस महीने जरूर करें ये काम

कार्तिक महीने में नीचे बताए गए कामों को करने से पुण्य मिलता है –

  • इस महीने तुलसी की पूजा जरूर करनी चाहिए और दो बार यानी सुबह और शाम के समय तुलसी के आगे दीपक जरूर जलाना चाहिए। तुलसी की पूजा के अलावा इस महीने में दीपदान भी करना चाहिए।
  • गरीबों को खाना खिलाना भी उत्तम माना जाता है और जितने हो सकें उतने व्रत-उपवास करें।
  • पुराणों के अनुसार इस महीने में पूजा करने से भगवान की कृपा बन जाती है और आर्थिक, स्वास्थ्य और पारिवारिक सुख मिलता है।  इसलिए आप जितनी हो सके इस महीने पूजा पाठ करें और मन में केवल अच्छे ही विचार लाएं।
  • बड़े लोगों की अच्छे से सेवा करें और उन्हें कष्ट ना दें।

Back to top button