दिलचस्प

जीवन में परेशानियां आने पर भी अपने विचारों को हमेशा सकारात्मक ही रखें

एक व्यक्ति काफी दुखी रहा करता था क्योंकि इस व्यक्ति के जीवन में कोई ना कोई परेशानी चली रहती थी। इन परेशानियों के चलते ये व्यक्ति तनाव में भी रहने लगा। वहीं एक दिन इस व्यक्ति के गांव में एक यज्ञ का आयोजन हुआ और इस यज्ञ को करने के लिए कई महान संतों को बुलाया गया। रोज गांव वाले इस यज्ञ को देखने के लिए आया करते थे। एक दिन ये व्यक्ति भी अपने एक दोस्ते के साथ इस यज्ञ में गया। तब इस व्यक्ति के दोस्ते ने इसे बताया कि जो संत ये यज्ञ कर रहे हैं, उनके पास हर समस्या का हल है। इसलिए तुम भी एक बार संत से बात करो क्या पता वो तुम्हारी समस्याओं का हाल निकाल दें।

जैसे ही यज्ञ खत्म हुआ ये व्यक्ति फौरन एक संत के पास गया और संत को नमस्कार कर बोला, मैंने सुना है कि आपके पास हर समस्या का हल है। क्या आप मेरी सहायता करेंगे? संत ने व्यक्ति से कहा, तुमको क्या परेशानी है? ये व्यक्ति बोला, मेरी जीवन में एक परेशानी खत्म होते ही, दूसरी परेशानी शुरू हो जाती है। इसलिए आप कुछ ऐसा उपाय बताएं की मेरी सारी परेशानियां खत्म हो जाएं।

संत ने इस व्यक्ति से कहा, एक काम करो तुम मेरे साथ मेरे आश्रम चलो, वहां पर आराम से बैठकर मैं कुछ ऐसा उपाय निकालता हूं, जिससे तुम्हारी समस्या खत्म हो जाए। ये व्यक्ति संत की बात को मानते हुए संत के साथ उनके आश्रम चले गया। आश्रम में पहुंचने के बाद संत ने इस व्यक्ति से कहा, मेरे आश्रम में एक गौशाला है और इस गौशाला में बहुत सारी गाय हैं। मैं काफी थक गया हूं। इसलिए तुम गौशाला में जाकर इन गायों को चारा डाल दो और जब ये सभी गाय सो जाएं, तब तुम भी सो जाना। संत की आज्ञा को मानते हुए ये व्यक्ति गायों के पास जाता है और हर गाय को चारा डाल देता हैं और गायों के सोने का इंतजार करने लग जाता है।

अगले दिन संत गौशाला में आता है और इस व्यक्ति से पूछता है, तुम्हें यहां पर नींद कैसी आई? ये व्यक्ति संत से कहता है, मैं पूरा रात सो नहीं सका। क्योंकि जब एक गाय सोती, तो दूसरी गाय उठ जाती और इस तरह से इन गायों ने मुझे पूरी रात सोने नहीं दिया। ये बात सुनते ही संत कहते हैं, हमारे जीवन मेें आने वाली परेशानियां भी इन्हीं गायों जैसी हैं। जब एक परेशानी खत्म होती है तो दूसरी आ जाती है। इसलिए इन समस्याओं से परेशान होकर दुखी होना कोई हल नहीं है।

जब भी परेशानियां आए तुम उनका डटकर सामना करो ना कि उनकी वजह से दुखी होकर बैठ जाओ। परेशानियां आने पर अपने विचारों को अगर सकारात्मक रखा जाए तो परेशानियां जल्द ही हल हो जाती हैं। संत की बात सुनकर इस व्यक्ति को समझ आ गया कि जीवन भर तो परेशानियां चली रहती हैं। इसलिए परेशानियों को लेकर दुखी होने का कोई भी फायदा नहीं हैं और आगे बढ़ने में ही भलाई है।

कहानी से मिली सीख- जीवन में परेशानियां आती रहती हैं, इसीलिए आप परेशानियों से दुखी ना हों और हमेशा सकारात्मक ही सोचें।

Back to top button