दिलचस्प

जब आपके जीवन में कुछ बुरा हो, तो आप ये समझ लें की उसमें आपके लिए कुछ अच्छा ही छुपा हुआ है

एक बार अकबर बीरबल के साथ एक जंगल में शिकार करने के लिए जाते हैं। शिकार करते समय अचानक से अकबर के हाथ की एक उंगली कट जाती है और उंगली में से खूब खून निकलने लगता है। अकबर अपनी कटी हुई उंगली को देखकर चिंता करने लग जाते हैं। अकबर को चिंता में देख बीरबल उनसे कहते हैं, महाराज आप क्यों इतनी चिंता कर रहे हैं। आपकी उंगली अगर कटी है तो इसमें आपका कुछ भला ही होगा। बीरबल की ये बात सुन अकबर गुस्सा हो जाते हैं और बीरबल को कहते हैं कि एक तो मेरी उंगली कट गई है ऊपर से तुम ये बोल रहे हों की उंगली कटने से मेरा भला होगा। तुम्हारी ये बात मुझे पसंद नहीं आई और तुम तुरंत मेरी नजरों से दूर हो जाओ। अकबर के आदेश को मानते हुए बीरबल वापस महल चले जाते हैं और अकबर अकेले ही शिकार के लिए आगे निकल जाते हैं।

अकबर अकेले ही अपने घोड़े पर बैठकर जंगल में शिकार की तलाश करने लग जाते हैं। शिकार की तलाश करते हुए अकबर जंगल में बने एक कबीले में पहुंच जाते हैं। कबीले के लोग अकबर को देखते ही उन्हें अपना बंधी बना लेते हैं और अकबर की बलि देने के लिए उन्हें अपने राजा के पास लेकर चले जाते हैं। कबीले का राजा अकबर को देखकर खुश हो जाता है और अपने लोगों से कहता है कि हम आज ही इसकी बलि देंगे। लेकिन जैसे ही कबीले के राजा की नजर अकबर के हाथ पर पड़ती है राजा गुस्सा हो जाता हैं और अपने कबीले के लोगों से कहता है कि इस इंसान की केवल 9 ही उंगलियां हैं। हम इसकी बलि देंगे तो काली मां हमसे नाराज हो जाएंगी। इसलिए हम इसकी बलि नहीं दे सकते हैं। इसको वापस से जंगल में छोड़ आओ। अपने राजा की बात को मानते हुए कबीले के लोग अकबर को छोड़ देते हैं।

अकबर सही सलामत अपने महल में आ जाते हैं और महल में आते ही अकबर तुरंत बीरबल से मिलते हैं। बीरबल से मिलकर अकबर अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी  उन्हें देते है और बीरबल से कहते है कि तुमने सही कहा था, मेरी उंगली कटने से मेरा भला ही हुआ और आज में जीवित बच पाया हूं। अकबर की बात सुन बीरबल उनसे कहते हैं, महाराज हमेशा जीवन में जो भी घटना घटती है उसमें हमारे लिए कुछ अच्छा ही छुपा होता है। आपकी कटी हुई उंगली ने आज ना केवल आपकी और बल्कि मेरी भी जान बचाई है। अगर आप मुझे वापस महल जाने का आदेश नहीं देते तो आज कबीले वाले मेरी बलि मां को चढ़ा देते।

इस कहानी से मिला ज्ञान

अकबर और बीरबल की इस कहानी से हमें ये ज्ञान मिलता है कि जीवन में हमारे साथ जो कुछ भी होता है वो हमारे भले के लिए ही होता है। इसलिए जब आपके जीवन में कुछ बुरा हो तो आप ये समझ लें की उसमें आपकेे लिए कुछ अच्छा ही छुपा हुआ है।

Back to top button