दिलचस्प

सफल व्यक्ति बनने के पीछे कई सालों की मेहनत छुपी होती है, रातों रात कोई भी इंसान सफल नहीं बन पाता है

पिकासो का नाम दुनिया के सबसे प्रसिद्ध चित्रकारों में गिना जाता है। स्पेन में जन्मे पिकासो द्वारा बनाई गई पेंटिंगों की कीमत आज के समय में करोड़ों-अरबों रुपए की है। पिकासो एक अलग तरह की शैली से पेंटिंग बनाया करते थे और इनकी पेंटिंग अन्य चित्रकारों से बेहद ही अलग हुआ करती थी।

महज कुछ मिनटों में बनाई लाखों की पेंटिंग

पिकासो से जुड़ी एक कहानी के मुताबिक एक बार ये काम के सिलसिले में कहीं जा रहे थे। लेकिन किसी वजह से पिकासो को रास्ते में स्थित एक गांव में रुकना पड़ा। इस गांव में पिकासो को कोई नहीं जानता था। इस गांव में पिकासो शांति से एक पेड़ के नीचे बैठ गए और किसी गहरी सोच में पड़ गए। तभी वहां से एक महिला गुजरी रही थी और जैसे ही उस महिला की नजर पिकासो पर पड़ी वो एकदम से खुश हो गई और उसने पिकासो के पास जाकर कहा कि मैं आपको जानती हूं। आप एक बहुत बड़े चित्रकार हो। पिकासो ने हंसकर उस महिला से कहा हां आपने सही पहचाना मैं एक चित्रकार हूं। महिला ने पिकासो से कहा क्या आप मेरे लिए कुछ बना सकते हो? पिकासो ने महिला से कहा, मेरे पास इस वक्त ना रंग हैं और ना ही चित्र बनाने से जुड़ा कोई सामान। मैं आपके लिए कुछ नहीं बना सकता हूं। पिकासो की बात सुनने के बाद भी महिला जिद पर अड़ी रही और पिकासो से कहने लगी की आपको मेरे लिए कुछ ना कुछ तो बनाना ही होगा।

पिकासो ने महिला की बात मान ली और अपनी जेब से एक पेपर और पेन्सिल निकालकर,  कुछ ही मिनटो में महिला को एक चित्र बनाकर दे दिया। लेकिन उस चित्र को देख महिला खुश नहीं हुई। महिला को लगा की पिकासो ने जल्दबाजी ये चित्र बनाकर दे दिया है। इस महिला ने नाराज होकर पिकासो से चित्र को लेकर शिकायत की। जिसके बाद पिकासो ने महिला से कहा कि जो पेंटिंग उन्होंने बनाई है उसकी कीमत लाखों में है। महिला को पिकासो की बात पर यकीन नहीं हुआ और ये महिला उस पेंटिंग को लेकर सीधा बाजार चले गई। बाजार में महिला ने एक पेंटिंग की दुकान मेें जाकर पिकासो की पेंटिग को वहां दिखाया। जैसे ही दुकानदार को पता चला की ये पेंटिंग पिकासो ने बनाई है, उसने महिला से कहा कि इसकी कीमत तो लाखों की है। दुकानदार की बात सुनते ही महिला भागी-भागी पिकासो के पास गई। महिला ने पिकासो से कहा, आप सच बोल रहे थे महज कुछ मिनटों में बनाया गया ये चित्र लाखों का है। क्या आप मुझे 10 मिनट में अच्छी पेंटिंग कैसे बनाते हैं ये सिखा सकते हो?

महिला की बात सुन पिकासो को हंसी आ गई और पिकासो ने महिला से कहा कि जो चित्र उन्होंने महज कुछ मिनटों में बनाया है उसे बनाने के पीछे 30 साल की मेहनत छुपी है। अगर तुम अपने जीवन के 30 साल मन लगाकर चित्र बनाऊगी तो तुम सीख जाओगी। पिकासो की बात सुन महिला चुप हो गई।

कहानी से मिली सीख

अक्सर हम लोग दूसरे व्यक्तियों को सफल देख ये समझ लेते हैं कि वो बड़ी आसानी से जीवन में कामयाब हुए हैं और हम भी उनकी तरह आसानी से कामयाब बन सकते हैं। लेकिन वास्तव में एक सफल व्यक्ति बनने के पीछे कई सालों की मेहनत छुपी होती है। रातों रात कोई भी इंसान सफल नहीं बन पाता है। सफल बनने के लिए इंसान को खूब मेहनत करनी पड़ती है।

Back to top button