बॉलीवुड

दिल्ली के शेल्टर होम से भागे दो बच्चे, ख़ुलासा हुआ तो घटना का सम्बंध निकला टाइगर श्रॉफ़ से

नई दिल्ली: बॉलीवुड के अभिनेताओं और अभिनेत्रियों की दीवानगी हर किसी को होती है। इसी दीवानगी की वजह से कई बार कुछ बच्चे भाग भी जाते हैं। हाल ही में दिल्ली के शेल्टर होम के दो बच्चों ने ऐसा कारनामा किया है। जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ के बहुत बड़े फ़ैन थे। उनके ऊपर टाइगर श्रॉफ़ की दीवानगी ऐसी चढ़ी की वो ट्रेन से मुंबई के लिए निकल गए। इस बीच रेलवे चाइल्ड लाइन के कोऑर्डिनेटर ने शक होने पर दोनों को आगरा कैंट स्टेशन पर पकड़ लिया।

परिजन की डाँट से भाग था घर से:

इससे पहले बुधवार को सुबह चार बजे एक प्लेटफ़ॉर्म पर चार बच्चों को भटकते हुए देखा गया था। पकड़े जानें के बाद बच्चों ने ख़ुलासा किया कि वो दिल्ली स्थित आशियाना शेल्टर होम में रहते हैं। वो मंगलवार की रात को भागकर मुंबई टाइगर श्रॉफ़ से मिलने जा रहे थे। तीसरा बच्चा अपने परिजन की डाँट से अलीगढ़ से भाग आया था, जबकि चौथा बच्चा छत्तीसगढ़ का है। रेलवे चाइल्ड लाइन के पदाधिकारी नरेंद्र परिहार ने बताया कि दिल्ली स्थित शेल्टर होम और बच्चों के अभिवावकों को सूचना दे दी है।

टाइगर श्रॉफ़ का डाँस बहुत पसंद है:

जानकारी के अनुसार दिल्ली के अलीपुर स्थित शेल्टर होम आशियाना में रहने वाले 14 और 15 साल के दो बच्चे बुधवार की सुबह रेलवे चाइल्ड लाइन के कोऑर्डिनेटर नरेंद्र परिहार को मिले थे। जब बच्चों पर शक हुआ तो उन्होंने दोनों बच्चों से पूछताछ की। बच्चों ने बेबाक़ी से बता दिया कि वो मुंबई टाइगर श्रॉफ़ से मिलने जा रहे हैं। बच्चों ने बातचीत के दौरान बताया कि उन्हें टाइगर श्रॉफ़ का डाँस बहुत पसंद है। इसी वजह से वह उनसे मिलना चाहते हैं। नरेंद्र परिहार ने जब बच्चों की बात सुनी तो शुरुआत में तो उन्हें हैरानी हुई, लेकिन बच्चों कि मनोदशा को पढ़ लिया।

दोनों बच्चों ने आगे बताया कि वो स्कूल जानें के लिए शेल्टर होम से निकले थे। उन्होंने पहले ही प्लान बना लिया था, इसलिए वहाँ से भागकर ट्रेन में सवार हो गए। उन्हें भी नहीं पता था कि जिस ट्रेन में वो बैठे हैं वो आगरा जाएगी। आपको बता दें रेलवे चाइल्ड लाइन की स्थापना 15 जनवरी 2018 को ही की गयी। अब तक इसने 125 बच्चों में से 120 को उनके घरों तक सुरक्षित पहुँचा दिया है। इस काम में वह जीआरपी और आरपीएफ़ की मदद भी लेते हैं। किसी पसंदीदा एक्टर से मिलने के लिए भागने की घटना पहली नहीं है।

जानकारी के अनुसार कुछ महीने पहले मध्य प्रदेश की एक युवती भी सलमान खान से मिलने के लिए अपने घर से भागकर मुंबई पहुँच गयी थी। वह सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ी भी गयी थी। इससे पहले ऐसा ही वाक़या वरुण धवन के लिए हो चुका है। बॉलीवुड अभिनेताओं और अभिनेत्रियों के प्रति लोगों की यह दीवानगी बहुत समय पहले से है। राजेश खन्ना के बारे में कहा जाता है कि लड़कियाँ उनसे मिलने के लिए उनके बंगले के बाहर रातभर जागकर इंतज़ार करती थीं।

Back to top button