राजनीति

राफेल डील: राहुल गांधी का पीएम मोदी पर बड़ा वार ‘देश की जनता जान गई है हमारा चौकीदार चोर है’

राफेल डील पर फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के बयान के बाद राहुल गांधी ने आज बेहद ही कड़े तेवर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाए और कहा कि फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने जो आरोप लगाए हैं उससे साफ है कि पीएम मोदी ने राफेल डील में भ्रष्टाचार किया है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि ओलांद के बयान से साफ है कि अनिल अंबानी को हजारों करोड़ों रूपयों का कॉन्ट्रैक्ट दिया है वो पीएम मोदी के कहने पर दिया था। इसका साफ अर्थ है ओलांद पीएम मोदी को चोर कह रहे हैं। और पीएम के मुंह से एक शब्द नहीं निकल रहा है। प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए वर्ना देश की जनता के दिमाग ये घुस गया है कि देश का चौकीदार चोर है।

राहुल गांधी ने कहा कि इस राफेल डील पर निर्मला सीतारमण या मनोहर पर्रिकर ने साइन नहीं की थी। बल्कि ये खुद प्रधानमंत्री मोदी ने साइन की थी। पीएम मोदी ने ये कॉन्ट्रैक्ट अपने दोस्त अनिल अंबानी को दिया और 30,000 करोड़ रूपयों का फायदा पहुँचाया है। राहुल ने कहा कि अनिल अंबानी की कंपनी 45,000 करोड़ रूपए की कर्ज में डूब गई थी। उनकी मदद करने के लिए पीएम मोदी ने ये कॉन्ट्रैक्ट अंबानी को दिया है। इसके आगे उन्होंने कहा कि फायदा उसी को मिला जो उनके साथ प्रतिनिधिमंडल में फ्रांस गया था।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राफेल डील पर बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। पहले निर्मला सीतारमण बोली की वो हवाई जहाजों के दाम बताएंगी। फिर बोलीं कि नहीं बता सकती, टॉप सिक्रेट है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर देश के युवाओं ने भरोसा किया था, उस व्यक्ति ने देश के करोड़ो युवाओं का भरोसा तोड़ा है।

इसके अलावा एक और बड़ा आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड जो पिछले सत्तर सालों से लड़ाकू विमान बना रही है। उससे ये कॉनट्रेक्ट छीनकर अनिल अंबानी को दिया गया और ये कहा गया कि एचएएल विमान बनाने के लिए सक्षम नहीं थी। जबकि एचएएल के पूर्व प्रमुख ने खुद सामने आकर ये कहा था कि वो विमान बनाने के लिए सक्षम थे। उन्होंने कहा कि अनिल अंबानी की कंपनी जिन्होंने जीवन में कभी विमान नहीं बनाए और सौदे से सिर्फ 12 दिन पहले ही उन्होंने एक कंपनी बना दी। इसके बाद भी देश के इतने बड़े रक्षा सौदे के लिए अनिल अंबानी की कंपनी को चुना गया है।

राहुल गांधी ने कहा हिंदुस्तान के गरीबों और युवाओं के जेब से पैसा निकालकर अनिल अंबानी के जेब में डाल दिया गया है। राहुल ने कहा कि राफेल डील में शत प्रतिशत घोटाला हुआ है।

Back to top button