राजनीति

कांग्रेस को छत्तीसगढ़ में मिला तगड़ा झटका, जोगी और मायावती ने किया गठबंधन

रायपुर: इसी साल के अंत में पाँच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। उन्ही में से एक राज्य छत्तीसगढ़ भी है, जहाँ चुनाव होने वाले हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले ही जनता कांग्रेस सुप्रीमो अजित जोगी ने कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया है। बता दें छत्तीसगढ़ में बसपा और जनता कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ेंगे। जोगी और बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती के बीच गुरुवार को लखनऊ में हुई बैठक के बाद दोनों दलों ने गठबंधन का ऐलान किया। प्रदेश की 90 सीटों में से 35 पर बसपा और 55 सीटों पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ चुनाव लड़ेगी।

बनेगी बसपा और जनता कांग्रेस की सरकार:

इस गठबंधन के मुख्यमंत्री का चेहरा अजित जोगी होंगे। लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ़्रेन्स में मायावती और जोगी साथ-साथ पहुँचे। मायावती ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा को रोकने के लिए बसपा और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ सक्षम है। ज़रूरत पड़ती है तो दूसरे दलों का भी सहयोग लिया जाएगा। मायावती ने दावा किया कि छतीसगढ़ में इस बार बसपा और जनता कांग्रेस की गठबंधन की सरकार बनेगी। वह जल्दी ही छत्तीसगढ़ आएँगी और जोगी के साथ चुनाव प्रचार पर निकलेंगी।

कांग्रेस को भनक तक नहीं लगी बसपा और जनता कांग्रेस के गठबंधन की:

वहीं जोगी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता, पैसा, पद और प्रशासनिक तंत्रों का ग़लत इस्तेमाल करके फिर से सत्ता में आना चाहती है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। कांग्रेस को बसपा-जनता कांग्रेस के गठबंधन की भनक तक नहीं लग पाई। कांग्रेस के नेता यही कहते रहे कि बसपा के साथ गठबंधन की सम्भावनाएँ तलाशी जा रही है। कांग्रेस भले ही यह कह रही है कि इस गठबंधन से कोई नुक़सान नहीं होगा, लेकिन भाजपा तो पहले ही जोगी को छत्तीसगढ़ में तीसरी शक्ति मान चुकी है। बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और राजगढ़ जिले के एससी वोटरों में बसपा का प्रभाव रहा है।

वहीं इन्ही तीन जिलों में जोगी का भी अच्छा प्रभाव है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि बसपा के प्रदेश अध्यक्ष गठबंधन पर चर्चा करने के लिए हमारे पास आए थे। दो-तीन दिन में बैठकर बात भी होनी थी। लेकिन भाजपा ने ED और CBI का दबाव बनकर बसपा और जनता कांग्रेस में गठबंधन करवा दिया। जोगी पहले से ही भाजपा की मदद करते आ रहे हैं। बाबा साहब के संविधान को मनाने वालों को यह पता है कि कौन संविधान को कमज़ोर करने वाले लोग हैं। कांग्रेस संविधान का सम्मान और पालन करने वाली पार्टी है।

छत्तीसगढ़ में प्रबल हो गया है त्रिकोणीय संघर्ष:

बता दें वहीं इस मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का कहना है कि मुख्यमंत्री पहले से ही कह रहे थे कि जोगी तीसरी शक्ति हैं। बसपा और जनता कांग्रेस के गठबंधन के बाद त्रिकोणीय संघर्ष प्रबल हो गया है। लेकिन इस संघर्ष में भाजपा और मज़बूत होगी। इस बार भाजपा की सीटों में बढ़ोतरी होगी। कांग्रेस काफ़ी समय से बसपा के साथ गठबंधन करना चाहती थी। कोई भी राजनीतिक पार्टी डूबती नैया में सवार नहीं होना चाहती है। हारती हुई पार्टी में कोई दाव नहीं लगाना चाहता है। इस समय छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की यही हालत है।

Back to top button