समाचार

राहुल गांधी के रोड शो में हुआ तमाशा, 11 कन्याओं ने उतारी आरती और 21 पंडितों ने किया मंत्रजाप

भोपाल: मध्य प्रदेश के होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने राजधानी भोपाल से अपने चुनावी प्रचार की शुरुआत कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रोड शो के साथ ही आज मध्य प्रदेश में अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस बार राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में सॉफ़्ट हिंदू की रणनीति अपनाने का पूरा मन बना लिया है। उसकी झलक साफ़-साफ़ उनके रोड शो में दिखी। बता दें राहुल गांधी ने भोपाल में लालघाटी से दशहरा मैदान तक लगभग 13 किलोमीटर के रोड शो के साथ पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत की है।

अपने साथ कांग्रेस कार्यकर्ता ले आए भगवान गणेश की मूर्ति:

इस दौरान राहुल गांधी ने मंत्रोच्चार और कन्या पूजन के साथ अपने रोड शो की शुरुआत की। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी दोपहर लगभग 1 बजे भोपाल पहुँचे। उनके स्वागत के लिए वहाँ पहले से ही कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद थे। वहाँ राहुल गांधी के रोड शो की शुरुआत पहले पूजा-अर्चना और शंखनाद के साथ किया गया। केवल यही नहीं कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ भगवान गणेश की प्रतिमा भी अपने साथ लेकर आए थे। इसी से पता चल रहा है कि इस बार कांग्रेस सॉफ़्ट हिंदू का खेल खेलने का पूरा मन बना चुकी है।

एक पोस्टर में राहुल गांधी दिख रहे हैं शिवलिंग को जल चढ़ाते:

रोड शो शुरू होने से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की हिंदू छवि वाले पोस्टरों से पूरे भोपाल को पाट दिया था। इनमें से एक पोस्टर में राहुल गांधी टिका और अक्षत लगाए हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा एक तस्वीर में राहुल गांधी शिवलिंग पर जल चढ़ाते हुए भी दिख रहे हैं। तस्वीर के बैकग्राउंड में कैलाश मानसरोवर की झलक भी दिखाई दे रही है। इससे पहले भी कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी को शिवभक्त के रूप में पेश कर चुकी है। आपको बता दें लालघाटी चौराहे पर 21 पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच 11 कन्याओं ने तिलक लगाकर राहुल गांधी की आरती उतारी और उनका स्वागत भी किया।

कांग्रेसियों में देखने को मिल रहा है ज़बर्दस्त उत्साह:

इसके बाद राहुल गांधी वहाँ से बस पर सवार हुए। बस में राहुल गांधी के साथ कमलनाथ व सिंधिया के साथ ही प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया, दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, अजय सिंह, अरुण यादव, विवेक तनखा, कांतिलाल भूरिया, राजमणि पटेल और आरिफ़ अकील मौजूद रहे। राहुल गांधी के इस शो और सभा के लिए प्रदेशभर के कांग्रेसी समर्थक भोपाल पहुँचे हैं। राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर कांग्रेसियों में ज़बर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

कांग्रेस ने आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी कमर अभी से कस ली है। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में प्रचार के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को मैदान में उतारा है। बता दें राहुल गांधी इसी वजह से आज भोपाल के दौरे पर हैं। रोड शो के साथ ही राहुल गांधी कार्यकर्ताओं से बात करेंगे और उन्हें जीत का मंत्र भी देंगे। बता दें मध्य प्रदेश में कांग्रेस पिछले 15 साल से सत्ता से दूर है। ऐसे में इस बार कांग्रेस के लिए मध्य प्रदेश में अपना परचम फहराना एक बड़ी चुनौती से कम नहीं है। यही वजह है कि कांग्रेस अपने रोड शो में एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा रही है।

Back to top button