समाचार

बीजेपी की कार्यकारिणी बैठक में बड़ा फैसला ‘2022 तक भारत बनेगा आतंकवाद, नक्सलवाद से मुक्त’

बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक नई दिल्ली में दूसरे अंतिम दिन चली। पहले दिन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने चुनाव जीतने का फॉर्मूला बताते हुए सभा को संबोधित किया। जबकि दूसरे दिन केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने राजनीति प्रस्ताव विजन-2022 पेश किया। विजन-2022 में कहा गया है कि 2022 तक देश से संप्रदायवाद, जातिवाद और नक्सलवाद का खात्मा होगा, साथ ही प्रस्ताव के मुताबिक देश में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है, अगर अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश से सिख, बौद्ध, क्रिश्चिएन शरणार्थी आते हैं तो उन्हें मदद की जाएगी, लेकिन घुसपैठियों को कोई जगह नहीं दिया जाएगा। प्रस्ताव में ये भी जिक्र किया गया कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। आज बैठक में खासकर 2019 की लोकसभा चुनाव की रणनीति पर बात हुई। राजनीतिक के साथ साथ आर्थिक प्रस्तावों को भी विस्तार दिया गया।

आर्थिक प्रस्तावों पर चर्चा-

पार्टी ने बैठक में कहा कि चार साल पहले एक कमजोर अर्थव्यवस्था थी। पार्टी ने कहा कि हमारी सरकार ने इस पर मूलभूत सुधार किए हैं। पार्टी ने नोटबंदी और जीएसटी को अर्थव्यवस्था के लिए अभूतपूर्व सुधार बताया। उनका कहना है कि इस दौरान थोड़ी सी परेशानी के बावजूद अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी है। इसका उदाहरण जीडीपी में बढ़ोतरी के रूप में हमारे सामने है।

क्या कहा प्रकाश जावड़ेकर ने-

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री  प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव रखा, जिसको कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से पास किया है। उन्होंने बताया कि चार साल पहले यानी 2014 में विजन रखा था, उसके आधार पर हम यह कह सकते हैं कि नया भारत जरूर बनेगा, उन्होंने कहा कि भारत 2022 तक आतंकवाद, नक्सलवाद से मुक्त बनेगा।

प्रकाश जावड़ेकर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, विपक्ष के पास न कोई नीति है, न रणनीति और न ही कोई नेता है। उनके पास सिर्फ एक ही विजन है, और वो मोदी रोको है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि पूर्ववर्ती यूपीए के कार्यकाल में हर साल किसी न किसी शहर में बम विस्फोट होते थे। लेकिन अब आतंकवादी घटनाएं कम हुई हैं। और नक्सलवाद का खात्मा लगभग होने वाला है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष नकारात्मकता की राजनीति कर रही है। उनके पास नीति, रणनीति कुछ भी नहीं है। जावड़ेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता चार साल बाद भी 70 फीसदी है। पीएम मोदी ने काम किया है, इसलिए उनकी लोकप्रियता है। उन्होंने कहा कि हम 17 राज्यों में लगातार चुनाव जीते हैं। पीएम मोदी और अमित शाह की जोड़ी लगातार काम कर रही है।

Back to top button