राजनीति

सुप्रीम कोर्ट ने प्रिया प्रकाश को दी राहत, आँख मारने के ख़िलाफ़ दर्ज सभी FIR किया ख़ारिज

नई दिल्ली: आज से कुछ महीने पहले एक लड़की रातों-रात आयी और सबके दिल की धड़कन बन गयी। उसने आँख क्या मारी, सभी लोग उसके दीवाने हो गए। जी हाँ हम बात कर रहे हैं, अपने कजरारे नैनों से पूरे देश में सुर्ख़ियाँ बटोरने वाली प्रिया प्रकाश वारियर की। प्रिया ने आँख तो मारकर सुर्ख़ियाँ बटोर ली, लेकिन कुछ लोगों को प्रिया की यह हरकत पसंद नहीं आयी और उसके ख़िलाफ़ मामला दर्ज करवा दिया। जानकारी के अनुसार प्रिया प्रकाश को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत दी है।

कैसे हो सकती है मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएँ आहत:

सुप्रीम कोर्ट ने विंकिंग गर्ल के नाम से मशहूर प्रिया प्रकाश के ख़िलाफ़ महाराष्ट्र और तेलंगाना में दर्ज सभी FIR को ख़ारिज कर दिया है। कोर्ट ने साथ में यह भी कहा है कि भविष्य में प्रिया प्रकाश और उनकी डेब्यू फ़िल्म ओरु अदार लव से जुड़े लोगों के ख़िलाफ़ कोई FIR दर्ज ना की जाए। आपको बता दें इस मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायधीश दीपक मिश्रा, जस्टिस ए एम खानविलकर और जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ मौजूद थे। उन्होंने कहा कि किसी सूफ़ी गीत पर फ़िल्माए गए गाने के दौरान आँख मारने से मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों की धार्मिक भावनाएँ कैसे आहत हो सकती है।

कोर्ट ने इस मामले में दोनो FIR को ख़ारिज कर दिया। साथ ही यह कहा कि सूफ़ी गानें में आँख मारने के पीछे प्रिया प्रकाश वारियर की कोई ग़लत भावना नहीं थी। वह ऐसा करके किसी की धार्मिक भावना को चोट नहीं पहुँचाना चाहती थी। ऐसे में उन्हें आइपीसी की धारा 295-ए के तहत दोषी नहि बनाया जा सकता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें 18 साल की मलयालम अभिनेत्री प्रिया प्रकाश वारियर की डेब्यू फ़िल्म ‘ओरु अदार लव’ के एक गानें के दौरान आँख मारा था।

एक ही रात में बन गयी थीं नेशनल क्रश:

प्रिया के गाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर इस क़दर वायरल हुआ कि हर कहीं प्रिया की ही चर्चा शुरू हो गयी थी। प्रिया रातों रात मीडिया सेंसेशन बन गयी थी। एक ही रात में उन्हें नेशनल क्रश का दर्जा भी दे दिया गया था। उनकी वीडियो क्लिप को करोड़ों लोगों ने देखा और उसे शेयर भी किया। जिस प्रिया को कोई नहीं जानता था, उस प्रिया के इंस्टाग्राम पर फ़ॉलोअर भी रातों रात बढ़ गए। आज प्रिया किसी बड़ी सेलिब्रिटी को भी इस मामले में टक्कर देती हैं। प्रिया अपने चाहने वालों के लिए आए दिन इंस्टाग्राम पर फ़ोटो अपलोड करती रहती हैं।

प्रिया कर रही हैं बाढ़ पीड़ितों की मदद:

बता दें प्रिया की डेब्यू फ़िल्म के गाने माणिक्य मलराय पूवी पर कुछ लोगों ने ऐतराज़ जताया था। इस सिलसिले में प्रिया और फ़िल्म के डायरेक्टर ओमर लुलू पर तेलंगाना के फ़लकनुमा और मुंबई में केस दर्ज किया गया था। कुछ लोगों ने इस गाने के ऊपर यह आरोप लगाया था कि इससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावना को आहत करने की कोशिश की गयी है। इस मामले में आख़िरकार प्रिया को कोर्ट ने राहत दे दी है। प्रिया इस समय केरल में आयी भयानक बाढ़ के बाद लोगों की मदद कर रही हैं।

Back to top button