राजनीति

आज 11 मंत्रियों सहित मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे जयराम ठाकुर, पीएम कार्यक्रम में होंगे शामिल

शिमला: हिमांचल में बीजेपी की प्रचंड बहुमत से जीत के बाद बुधवार को शिमला के रिज मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी और अमित शाह के अलावा 12 राज्यों के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री के तौर पर जयराम ठाकुर पहली बार शपथ लेंगे। सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण का कार्यक्रम शुरू किया जायेगा जिसमें 11 मंत्रियों के साथ जयराम ठाकुर शपथ लेंगे। हिमांचल के इतिहास में पहली बार ऐसा होने जा रहा है जब कोई पीएम भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मंत्रिमंडल में संघ के चहेतों के अलावा विद्यार्थी परिषद के लोगों को भी जगह मिलेगी। मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, नितिन गडकरी, अंनत कुमार गिते, थावर चंद गहलोत आज सुबह पहुँचने वाले थे। स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रसाद नड्डा शिमला पहुँच चुके हैं। मंत्रियों के नामों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय, संगठन मंत्री पवन राणा, पार्टी अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के अलावा नामित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बीच में दो बार इस बारे में बातचीत हुई।

रात को लगभग 11 बजे मंत्रियों के नामों पर फाइनल मुहर लगी। आपको बता दें यह दूसरी बार है जब प्रदेश में बीजेपी अपने दम पर सत्ता में काबिज हुई है। इससे पहले धूमल के नेतृत्व में बीजेपी ने 2007 में अपने 5 साल का कार्यकाल पूरा किया था। उससे पहले 1998 में बीजेपी-हिविकां के गठबंधन के बाद बीजेपी सत्ता में आयी थी। उससे पहले हिमांचल में शांता कुमार दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं, लेकिन उन्हें दोनों बार ढाई साल के अन्दर ही मुख्यमंत्री की कुर्सी छोडनी पड़ी थी।

जानकारी के अनुसार जयराम ठाकुर रॉयल ब्लू कलर का राउंड नेक कोट और हिमंचाली टोपी पहनकर मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। उन्होंने कोट कांगड़ा में अपने टेलर से सिलवाया है। मंगलवार को उनके सरकारी आवास में शपथ ग्रहण के लिए सारी तैयारियाँ पूरी की गयी। जयराम ठाकुर के कुल पुरोहित कार्यालय जाने और पूजा-पाठ का समय निर्धारित करेंगे।

Back to top button