विशेष

प्यार के लिए जो जापानी राजकुमारी ने किया वो सबके बस की बात नही, जान रह जाएंगे दंग

आज के समय में प्यार करना आसान है निभाना मुश्किल, ऐसे में अगर कोई प्यार के लिए अपना राज शाही रूतबा छोड़ के लिए तैयार हो जाए तो किसी आश्चर्य से कम नही लगेगा। लेकिन कुछ ऐसा ही किया है जापान की राजकुमारी माको ने जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। दरअसल जापान के शाही परिवार की राजकुमारी माको अपने एक पूर्व कॉलेज सहपाठी से विवाह करने वाली हैं और बात ये है कि जिनसे विवाह करना चाहती हैं, वह पेशे से कानूनी सहायक 25 वर्षीय केई कोमुरो हैं ना कि कोई राज घराने का वंशज ऐसे में इसके लिए राजकुमारी माको अपना शाही परिवार का दर्जा छोडऩा पड़ सकता है और इसके लिए माको तैयार भी हो गयी हैं।

अमीर घराने की लड़की और मामुली लड़के के बीच प्यार मोहब्बत के किस्से आपने फिल्मों में खूब देखें होगें कि कैसे नाज़ो में पली एक रईस लड़की अपने प्यार के खातिर मां बाप की दौलत ठुकरा देती है। लेकिन असल दुनिया में ऐसा बेहद कम देखने को मिलता है और जब होता है तो उसके अफसाने बन जाते हैं। आजकल कुछ ऐसे ही अफसाने सुनने को मिल रहे हैं जापान की राजकुमारी माको के बारे में जिन्होंने अपने जीवनसाथी के रूप में कोई राजकुमार ना चुनकर एक आम आदमी के साथ रहने का फैसला किया है।

ऐसे हुई थी राजकुमारी माको और उनके सपनो के राजकुमार की मुलाकात

फिल्मी लव स्टोरी जैसा ही हाल है माको के प्रेम कहानी का.. जहां माको जापान के राजा अकिहितो की पोती हैं, वहीं कोमुरो एक आम नागरिक हैं। इन दोनों की पहली मुलाकात पांच साल पहले टोक्यो के एक रेस्तरां में हुई थी। फिर एक साल बाद कोमुरो ने माको को शादी का प्रस्ताव दिया था जिसे माको ने खुशी खुशी स्वीकार कर लिया था। इनके लिए अच्छी बात ये रही कि माको के माता-पिता ने भी यह रिश्ता स्वीकार कर लिया है। जिसके बाद इस साल के शुरू में अटकलों के बाद जोड़े ने आधिकारिक तौर पर सितंबर में अपनी सगाई की घोषणा की थी।

हालांकि इस शादी से जापान में पुराने नियमों पर चर्चा फिर शुरू हो गई, जिसके अनुसार शाही परिवार में जन्मी महिला यदि एक आम आदमी से शादी करती है तो अपना राजसी दर्जा खो देगी। वैसे माको ने ये जानते हुए भी अपने फैसले पर अडिग रहीं हैं। जापान मे इस शादी के खबरें चर्चा में हैं समाचार एजेंसी एफे ने जापानी न्यूज एजेंसी क्योडो के हवाले से कहा है कि सम्राट अकिहितो की सबसे बड़ी पोती माको विश्वविद्यालय के अपने साथी केई कोमुरो से चार नवंबर, 2018 को टोक्यो के इंपीरियल होटल में विवाह रचाएंगी। इससे पहले यह जोड़ा चार मार्च को औपचारिक तौर पर पारंपरिक समारोह नोसइ नो गी में सगाई करेगा। इस कार्यक्रम में दुल्हन के माता-पिता के सामने विवाह का वादा किया जाता है।

तोड़ना पड़ेगा शाही परिवार से हर नाता

प्यार के खातिर माको को अपने खानदान और राजपरिवार से हर नाता तोड़ना पड़ेगा। दरअसल जापान के कई दशकों पुराने कानून के अनुसार, आम नागरिक से विवाह करने पर राजकुमारी को शाही परिवार छोडऩा होता है। ऐसे में कोमुरो से विवाह के बाद माको भी एक आम नागरिक बन जाएंगी। वैसे माको से पहले उनकी बुआ और अकिहितो की इकलौती बेटी सायाको ने वर्ष 2005 में योशिकी कुरोदा से विवाह किया था और इस वजह से उनको भी शाही परिवार से हर नाता तोड़ना पड़ा था।

गौरतलब है कि राजकुमारी माको शाही परिवार की पहली सदस्य हैं जिन्होंने विश्वविद्यालय से शिक्षा हासिल की है और वर्तमान में राजकुमारी एक म्यूजियम में शोधकर्ता हैं।

Back to top button