राजनीति

दाऊद इब्राहीम के होटल को खरीदकर करवाएंगे वहाँ भव्य शौचालय का निर्माण: स्वामी चक्रपाणि

मुंबई: भारत में मोस्ट वांटेड डॉन दाऊद इब्राहीम के बारे में कुछ भी बताने की जरुरत नहीं है। एक समय था जब दाऊद के आतंक से पूरा देश कांपता था। अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि एक बार फिर सुर्ख़ियों में छाये हुए हैं। इससे पहले उन्होंने दाऊद इब्राहीम की कार को खरीदकर उसे जला दिया था। शुक्रवार को उन्होंने ऐलान किया कि भारत के भगौड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद का भिन्डी बाजार स्थित होटल रौनक अफरोज खरीदेंगे और वहाँ भव्य शौचालय का निर्माण करवाएंगे।

एक बार फिर से लगेगी दाऊद के संपत्ति को बोली:

आपको बता दें होटल रौनक अफरोज को दिल्ली जयका के नाम से भी जाना जाता हैएक बार फिर से केंद्र सरकार ने असफल नीलामी के प्रयास के बाद इस होटल की नीलामी के लिए निविदाएँ आमंत्रित की है। दाऊद की अन्य संपत्तियों के साथ ही 14 नवम्बर को एक बार फिर इस होटल के नीलामी की बोली लगायी जाएगी। नीलामी के लिए दस्तावेज जमा करने का आख़िरी दिन कल तक था। इसी सिलसिले में स्वामी चक्रपाणि अपने लोगों के साथ यहाँ पहुँचे थे और नीलामी की औपचारिकतायें पूरी की।

लोग देखेंगे कि किस तरह से होता है आतंकवाद का अंत:

स्वामी चक्रपाणि ने बातचीत के दौरान कहा कि, “नीलामी के बाद अफरोज होटल को खरीदने के बाद यहाँ जनता के लिए भव्य शौचालय का निर्माण करवाया जायेगा। हर कोई इस शौचालय का मुफ्त में इस्तेमाल करेगा। आतंकी की संपत्ति पर शौचालय का निर्माण करवाकर मैं जनता को यह सन्देश देना चाहता हूँ कि आतंकवाद का अंत किस तरह से होता है। जब शौचालय बन जायेगा तो स्वच्छ भारत मिशन के तहत इसका उद्घाटन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस से कराएंगे।“

डिस्पेंसरी का होगा निर्माण, मुफ्त में होगा गरीबों का इलाज:

जानकारी के लिए आपको बता दें दिसंबर 2015 में होटल सहित दाऊद के अन्य संपत्तियों की नीलामी की गई थी। उस समय चक्रपाणि ने दाऊद की हरे रंग की हुंडई एसेंट कार नीलामी में 32,000 रुपये में खरीदी थी। उन्होंने गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित अपने घर के बाहर इस कार को जला दिया था। चक्रपाणि ने आगे बताया कि उनके अधिवक्ता दोस्त अजय श्रीवास्तव उन्हें दाऊद की नागपाड़ा स्थित संपत्ति का मालिकाना हक सौंप देंगे। अजय श्रीवास्तव ने यह संपत्ति नीलामी में खरीदी थी। इस जगह पर वह एक डिस्पेंसरी का निर्माण करवाएंगे, जहाँ गरीबों का मुफ्त में इलाज किया जायेगा।

Back to top button
?>