समाचार

प्रेमिका के शादी से नाराज़ था प्रेमी, होम थिएटर में बम छिपा कर दिया गिफ्ट, बनाया मास्टरप्लान

शादी में मिले गिफ्ट को खोलने का सभी को बड़ा क्रेज रहता है। सभी इसे खोलने को लेकर बड़े उत्साहित रहते हैं। लेकिन एक दूल्हे को शादी का गिफ्ट खोलने की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। उसे गिफ्ट में होम थिएटर मिला था। लेकिन इसे ऑन करते ही उसमे जोरदार धमाका हुआ। इसमें दूल्हे समेत उसके भाई की मौत हो गई। वहीं चार अन्य घायल हो गए।

गिफ्ट में मिले होम थिएटर में हुआ धमाका

यह खौफनाक मामला छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के रेंगाखार थाना क्षेत्र के चमारी गांव का है। यहां दूल्हे हेमेंद्र मेरावी का 30 मार्च को निकटवर्ती झलमला थाना क्षेत्र के अंजना गांव की रहने वाली एक युवती से विवाह हुआ था। शादी के अगले दिन रस्म के अनुसार युवती अपने मायके चली गई थी। वहीं सोमवार 3 अप्रैल हेमेंद्र अपने घरवालों के साथ मिलकर शादी में आए गिफ्ट खोल रहा था। उसने गिफ्ट में मिला एक होम थिएटर ऑन किया। लेकिन इसे ऑन करते ही इसमें जोरदार धमाका हुआ।

इस धमाके में दूल्हे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 5 लोग घायल हुए। घायलों को तुरंत कवर्धा जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल ले जाया गया। यहां दूल्हे के भाई राजकुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी घायलों का इलाज चल रहा है। इसमें एक डेढ़ साल का बच्चा भी शामिल है। कबीरधाम जिले की एएसपी मनीषा ठाकुर ने बताया कि ये धमाका इतना जोरदार था कि इससे दीवारें और छत तक ढह गई।

बाद में मामला पुलिस तक पहुंचा तो वह जांच पड़ताल में जुट गई। दुर्ग और रायपुर जिलों की फोरेंसिक टीमों को जांच के लिए बुलाया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि म्यूजिक सिस्टम में विस्फोटक रखा गया था। इस म्यूजिक सिस्टम के ऊपर प्रसिद्ध ब्रांड का लोगों लगा था। लेकिन पुलिस को शक है कि ये उसकी कॉपी है। इसके बाद पुलिस ये पता लगाने में जुट गई कि इस म्यूजिक सिस्टम को किसने गिफ्ट में दिया था।

दुल्हन का प्रेमी निकला आरोपी

दुल्हन के परिवार ने बताया कि हम में से किसी ने कोई म्यूजिक सिस्टम नहीं दिया था। बाद में खुलासा हुआ कि ये हरकत दुल्हन के पूर्व प्रेमी की थी। इसकी पहचान संजू मरकाम के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के छपला गांव का रहने वाला है। वह पेशे से एक मैकेनिक है। वह पहले से शादीशुदा भी है। उसके दो बच्चे हैं।

प्रेमी संजू दुल्हन को हासिल करना चाहता था। लेकिन मंशा पूरी न होने पर उनसे दूल्हा दुल्हन को मारने की योजना बनाई। इसलिए उसने बाजार से एक होम थियेटर खरीदा। फिर उसमें बारूद, अमोनियम नाइट्रेट और पेट्रोल मिलाकर एक विस्फोटक रेडी किया। वह इस होम थियेटर को खुद शादी के मंडप में रखकर आया था।

Back to top button