समाचार

स्कूल में बड़ा हादसा: एक के बाद एक बेहोश हुए 12 बच्चे, वजह सामने आई तो भड़क गए पेरेंट्स

झारखंड के धनबाद के एक स्कूल में बीते शुक्रवार (2 सितंबर) एक अजीब हादसा हो गया। यहां एक के बाद एक करीब एक दर्जन बच्चे बेहोश होने लगे। स्कूल स्टाफ उन्हें आनन फानन में अस्पताल ले गया। परिजन भी भागते हुए बच्चों के पास पहुंचे। जब बच्चों के बेहोश होने की वजह सामने आई तो परिजनों का ग़ुस्सा फुट पड़ा। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर कई आरोप लगाए।

स्कूल में बेहोश हुए एक दर्जन बच्चे

दरअसल ये पूरा मामला धनसार थाना क्षेत्र के डुमरियाटांड़ में स्थित माउंट ब्रेसिया पब्लिक स्कूल का है। यहां 2 सितंबर दोपहर करीब ढाई बजे एक बच्चा बेहोश हुआ। अब कोई कुछ समझ पाता कि तभी 4-5 और बच्चे बेहोश हो गए। फिर धीरे-धीरे कर पूरे 12 बच्चे बेहोश होकर गिर पड़े। ये सभी बच्चे क्लास 8 और 9 के पढ़ने वाले थे।

बेहोश हुए आठ बच्चों का इलाज नर्सिंग होम में चल रहा है। इनमें 5 बच्चे पाटलिपुत्र नर्सिंग होम में हैं तो 3 शक्ति नर्सिंग होम में एडमिट हैं। अब सवाल ये उठता है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो क्लास के एक दर्जन बच्चे बेहोश हो गए?

क्लास में हो गई ऑक्सीजन की कमी?

दरअसल बच्चों के बेहोश होने की वजह क्लास में ऑक्सीजन की कमी बताया जा रहा है। बच्चों को जिस क्लास में बैठाया गया था वहाँ बच्चों की अधिक संख्या और फैन की खराबी के चलते ऑक्सीजन की कमी आ गई थी। हालांकि बच्चों के बेहोश होने के बाद सभी को स्मार्ट क्लास में शिफ्ट किया गया।

बेहोश हुए एक छात्र परिजन सौरभ बताते हैं कि मेरे बेटे ने शिकायत की थी कि स्कूल के क्लास रूम में बहुत गर्मी लगती है। यहां एक ही सेक्शन में 109 बच्चों को बैठाया जाता है। 4 सीलिंग फैन में से एक खराब है। फिर टेबल फैन लगाया गया। हालांकि बच्चों की अधिक संख्या के चलते बड़ी गर्मी लगती है। शायद इसी वजह से उस दिन ऑक्सीजन की कमी भी हुई थी। स्कूल में बच्चों के लिए कोई भी अच्छी सुविधा उपलब्ध नहीं है।

स्कूल ने दी सफाई

स्कूल के उपप्राचार्य अर्जित गुहा बताते हैं कि हमें लंच आवर में एक बच्चे के बेहोश होने की सूचना मिली थी। हम उस बच्चे की जांच कर ही रहे थे कि फिर और बच्चे बेहोश होने लगे। हमने तुरंत डाॅक्‍टर मोनाल विश्वास से संपर्क किया। उन्होंने बच्चों की जांच कर उन्हें ओआरएस दिया। बच्चों की पल्स, तापमान और प्रेशर भी देखा गया। बच्चे क्यों बेहोश हुए हम उसकी वजह पता लगा रहे हैं। हम बच्चों का इलाज कर रहे डॉक्टरों के भी संपर्क में हैं। शायद मौसम और गैस रिसाव इस घटना की वजह है।

उधर धनबाद के जिला शिक्षा अधीक्षक भूतनाथ रजवार ने भी मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि हमे भी बच्चों के बेहोश होने की जानकारी प्राप्त हुई है। हम इस मामले की जांच कराएंगे। कारणों का पता लगाएंगे। साथ ही हम स्कूल प्रबंधन से भी पूरी जानकारी मांगेंगे।

Back to top button