समाचार

दुखद: 7 साल से सूनी थी कोख, एकसाथ दिया 5 बच्चों को जन्म, फिर एक झटके में खुशियां बन गई मातम

शादी के बाद हर महिला मां बनने का सपना देखती है। मां बनने का एहसास अलग ही लेवल का होता है। इसमें मिलने वाले सुख की कल्पना और किसी से नहीं की जा सकती है। हालांकि कुछ महिलाओं की कोख शादी के बाद कई सालों तक सूनी रहती है। राजस्थान के करौली की एक महिला भी शादी के बाद कई साल मां नहीं बन पाई। लेकिन फिर भगवान ने उसकी सुन ली और शादी के 7 साल बाद वह गर्भवती हो गई। उसके प्रेग्नेंट होते ही परिवार में जैसे खुशी की लहर दौड़ पड़ी।

महिला ने दिया 5 बच्चों को जन्म

जब महिला ने सोनोग्राफी करवाई तो ये खुशियां 5 गुना बढ़ गई। उसकी कोख में एक या दो नहीं बल्कि पूरे 5 बच्चे पल रहे थे। लेकिन जल्द उसकी खुशियों को नजर लग गई। महिला पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि घर की खुशियां मातम में बदल गई। एक साथ 5 बच्चों से भरी उसकी कोख फिर से सूनी हो गई। तो चलिए भावुक कर देने वाली इस घटना को थोड़ा और विस्तार से जानते हैं।

दरअसल ये पूरा मामला करौली में मासलपुर पंचायत समिति के पिपरानी गांव का है। यहां रहने वाली रेशमा नाम की महिला शादी के 7 साल बाद पहली बार गर्भवती हुई। 25 साल की इस महिला ने सोमवार (25 जुलाई) को करौली के एक निजी अस्पताल में एक साथ 5 बच्चों को जन्म दिया। इन बच्चों का जन्म 7 माह के गर्भाधारण में ही हो गया था। समय से पहले जन्में ये बच्चे काफी कमजोर थे। इनका वजन 300-660 ग्राम तक था। इनमें तीन लड़के और दो लड़कियां थीं।

पांचों की हो गई मौत

डॉक्टर आशा मीणा और उनकी टीम ने सभी नवजातों को राजकीय हॉस्पिटल मातृ एवं शिशु इकाई स्थित एसएनसीयू वार्ड में भर्ती करवाया था। उन्होंने सभी नवजातों को बचाने की पूरी कोशिश की। लेकिन अफसोस की एक भी बच्चा नहीं बच सका। 7 साल बाद रेशमा को मां बनने का सुख मिला था। लेकिन उसकी ये खुशी ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाई। 5 में से एक भी बच्चा नहीं बच पाया। अब महिला अपनी इस नियति पर खूब आंसू बहा रही है।

एसएनसीयू इकाई के प्रभारी डॉ. महेंद्र मीणा बताते हैं कि हमने सभी बच्चों को इनक्यूबेटर पर रखा था। इन्हें जयपुर शिफ्ट करने की प्लानिंग चल रही थी। लेकिन अफसोस कि उसके पहले ही सभी बच्चों ने दम तोड़ दिया। हालांकि डॉक्टरों ने इन नवजातों की जान बचाने का पूर्ण प्रयास किया था।

बताते चलें कि इसके पहले इसी हॉस्पिटल में 22 जुलाई को लोटन बाई नाम की महिला ने 3 बच्चों को जन्म दिया था। 22 वर्षीय इस महिला को एक लड़का और दो लड़कियां हुई थी। वह भी शादी के बाद पहली बार मां बनी थी। अब हम ईश्वर से यही प्रार्थना कर सकते हैं कि 5 बच्चों को खोने वाली रेशमा को एक बार फिर मां बनने का सौभाग्य मिले।

Back to top button