अध्यात्म

रामा और श्यामा तुलसी में क्या है अंतर? कौन सी तुलसी लगाना होता है सबसे शुभ? जानिए

हिन्दू धर्म में तुलसी के पौधे को काफी महत्व दिया गया है। यह आपको लगभग हर हिंदू परिवार में मिल जाएगा। धार्मिक ग्रंथों में तुलसी को देवी का रूप माना गया है। श्रीकृष्ण का भी तुलसी विवाह कराने की परंपरा है। कहते हैं कि तुलसी के अंदर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी वास करती हैं। यह पौधा जिस घर में होता है वहां सुख, शांति और समृद्धि रहती है।

कहते हैं तुलसी के पौधे के अंदर सकारात्मक ऊर्जा रहती है। इसे घर में लगाने से घर की नेगेटिव एनर्जी खत्म हो जाती है। इससे घर का वास्तु दोष भी दूर होता है। वहीं घर में पॉजिटिव माहौल रहने से माँ लक्ष्मी भी आती है। घर में बरकत बनी रहती है। तुलसी के पौधे की सुबह और शाम पूजा करने से हर मुराद भी पूरी होती है।

रामा या श्यामा, कौन सी तुलसी होती है शुभ?

अब आप ये तो अच्छे से समझ गए कि घर में तुलसी का पौधा लगाना चाहिए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि तुलसी के पौधे में भी तो प्रकार होते हैं। रामा तुलसी और श्यामा तुलसी। अब लोगों के मन में अक्सर यही दुविधा रहती है कि वह अपने घर में रामा या श्यामा में से कौन सी तुलसी लगाए। कौन सी ज्यादा शुभ और लाभकारी होती है। आज हम आपकी यह दुविधा दूर कर देंगे।

वास्तु शास्त्र की माने तो घर में रामा और श्यामा दोनों ही प्रकार की तुलसियों को लगाया जा सकता है। दोनों के अपने अलग महत्व होते हैं। आप दोनों में से किसी को भी लगाएं, इससे आपके घर सुख, शांति और समृद्धि बनी रहेगी। बस इस बात का ध्यान रखें कि रामा या श्यामा तुलसी को कार्तिक मास के किसी भी गुरुवार लगाना चाहिए। इससे आपको सबसे अधिक लाभ मिलता है।

रामा तुलसी और श्यामा तुलसी में अंतर

रामा तुलसी: इसे उज्जवल तुलसी भी कहा जाता है। इसकी पत्तियों को अक्सर पूजा पाठ में अधिक इस्तेमाल किया जाता है। इसकी पत्तियां हरे रंग की होती है। स्वाद में ये हल्की मीठी लगती है। इसे आप खाने और पूजा पाठ दोनों में इस्तेमाल कर सकते हैं।

श्यामा तुलसी: इसे कृष्ण तुलसी भी कहते हैं। इस तुलसी के पत्ते रामा तुलसी की तुलना में ज्यादा गहरे हरे रंग या बैंगनी रंग के होते हैं। इनका रंग डार्क होने की वजह से ही इसका नाम श्यामा तुलसी पड़ा है। चुकी भगवान कृष्ण का कलर भी श्याम था इसलिए इस तुलसी को श्यामा तुलसी कहा जाने लगा। श्यामा तुलसी को आयुर्वेद में सबसे अधिक गुणकारी माना जाता है। बेहतर सेहत के लिए आपको इस तुलसी को जरूर खाना चाहिए।

तुलसी लगाने के नियम

तुलसी लगाने के लिए कार्तिक मास का गुरुवार शुभ होता है। तुलसी को घर की छत पर लगाने से बचना चाहिए। खासकर जिस जातक की कुंडली में धन के भाव में बुध ग्रह हो उसे तो भूलकर भी छत पर तुलसी नहीं लगानी चाहिए। इसकी वजह ये है की तुलसी का संबंध बुध ग्रह से माना जाता है। तुलसी को हमेशा घर की ईशान कोण या फिर पश्चिम दिशा में लगाना शुभ होता है। इसे दक्षिण दिशा में लगाना अशुभ होता है।

Back to top button