
गुजरात का एक युवक पिछले 8 साल से पेड़ से बंधा हुआ है। जब उसकी उम्र 14 साल थी तब उसे पेड़ से बांध दिया गया था। अभी उसकी उम्र 22 साल है और अब उसकी आजादी के रास्ते खुल गए हैं। क्या है पूरा मामला आपको आगे बताते हैं।
गुजरात के राजकोट जिले के बोटाद तालुका में ये हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 22 साल का युवक महेश बीते आठ सालों से एक पेड़ से बंधे हुए अपना जीवन जी रहा है, उसकी पूरी दिनचर्या पेड़ से बंधे-बंधे ही होती है। हालांकि अब उसके अच्छे दिन आने वाले हैं। एक सामाजिक कार्यकर्ता के प्रयासों की बदौलत महेश को जल्द ही अपना जीवन गौरव के साथ जीने का मौका मिल सकता है।
क्यों बांधा गया
दरअसल 22 साल के महेश का व्यहार आठ साल पहले अचानक उग्र हो गया। उसने दूसरों से हिंसक व्यवहार करना शुरू कर दिया। हर किसी को मारना, उस पर पत्थर फेंकना उसकी आदत में शुमार हो गया। ऐसे में गरीबी से त्रस्त झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले महेश के परिवार ने उसको नग्न अवस्था में पेड़ से बांध दिया।
View this post on Instagram
महेश के पिता प्रागजी ओलकिया ने बताया कि उनका बेटा मानसिक रूप से बीमार है। इसके चलते वह हिंसक हो जाता है। ऐसे में अगर कोई उसके पास जाता है तो वह पथराव शुरू कर देता है। उन्होंने कहा कि हम बहुत गरीब हैं और उसके इलाज या उसे कहीं भी रखने के लिए हमारे पास कोई संसाधन नहीं है। इसलिए, हमने उसे एक पेड़ से जंजीर से बांधकर रखा है।
महेश के लिए आगे आए कॉमेडियन
YouTube पर खजुभाई के नाम से मशहूर सोशल मीडिया कॉमेडियन नितिन जानी को हाल ही में अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस परिवार के बारे में एक मैसेज मिला और वह उनसे मिलने गए। जानी इससे पहले पिछले साल के चक्रवात के बाद सामाजिक कार्यों में लगे थे और उन्होंने कई तबाह परिवारों की मदद की थी।
मीडियाकर्मियों से बात करते हुए जानी ने कहा कि हमने गांव के बाहरी इलाके में परिवार के लिए एक घर बनाया है। हमने वहां बिजली और पंखे भी लगा दिए हैं। महेश को खाना-पानी भी दिया है। वह मौजूदा समय में हिंसक है। एक-दो दिन में हम उसे इलाज के लिए किसी साइकोलॉजिस्ट के पास ले जाएंगे।